झड़प के वीडियो का स्क्रीनग्रैब
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के दरभंगा में मोहर्रम के दिन दो गुटों के बीच हुई मारपीट में घायल हुए एक युवक की मौत की सोमवार को मौत हो गई। दरअसल, सिंघवारा थाना क्षेत्र के राजे गांव में मुहर्रम के दिन एक ही समुदाय के दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई थी। उसमें लाठी-डंडों की पिटाई से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया है और शोक में डूबे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं, मौत के बाद मुहर्रम के दिन एक ही समुदाय के दो गुटों में हिंसक झड़प का वीडियो सामने आया है। वीडियो के मुताबिक, आक्रोशित भीड़ लाठी-डंडे लेकर सड़क पर दौड़कर मारपीट करते दिख रहे हैं। उसी दौरान एक युवक सड़क पर गिर जाता है। लेकिन भीड़ इतनी उग्र थी कि वह सड़क पर गिरे युवक को लगातार पीटती रहती है। इस दौरान उसे एक महिला बचाने जाती है। यह पूरा वाकया एक वीडियो के जरिए सामने आया है। वहीं, हंगामा खत्म होने के बाद परिजनों ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसकी आज सोमवार को मौत हो गई।
इस मामले को लेकर दरभंगा के सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि एक ही समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। उसमें ठक्कन अंसारी नाम का व्यक्ति घायल हो गया था। उसकी इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। इस मामले में अभी तक किसी पक्ष से कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। वहीं, उन्होंने बताया कि इस मामले में एक वीडियो सामने आया है। उसमें एक व्यक्ति पर जुलूस में शामिल लोग लाठी-डंडे से प्रहार करते दिख रहे हैं। इस वीडियो की जांच की जा रही है।