टैंकर द्वारा स्कूटी को टक्कर मारने वाले वीडियो का स्क्रीन ग्रैब
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मोतिहारी में एक टैंकर द्वारा स्कूटी में पीछे से टक्कर मारने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के मुताबिक, सड़क किनारे जा रही स्कूटी में पीछे से आ रहा टैंकर टक्कर मारकर कुछ दूर तक घसीटते ले गया। इस हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। घटना सोमवार को छतौनी थाना क्षेत्र के एमएच 28 पर अवधेश चौक से पहले हुई। मृतक की पहचान जैसिनपुर के पूर्व मुखिया वाजुल हक के बेटे मुस्ताक अहमद (45) के रूप में हुई है।
Bihar News: एक टैंकर ने स्कूटी सवार को पीछे से मारी टक्कर, मौके पर ही मौत; हादसे का वीडियो आया सामने https://t.co/igNk5ww1qo pic.twitter.com/eC5BZ37Qch
— Amar Ujala (@AmarUjalaNews)
June 12, 2023
जानकारी के मुताबिक, मृतक मुस्ताक अहमद छतौनी डेरा से अपनी स्कूटी से अवधेश चौक की ओर जा रहा था। इसी बीच उसके पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। साथ ही वह स्कूटी को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि उस वक्त सड़क पर किसी के न होने के कारण चालक घटना के बाद टैंकर ले कर फरार हो गया।
मुस्ताक अहमद सऊदी से 12 रोज पहले आया था घर
मृतक के पिता वाजुल हक ने बताया कि मेरा बेटा सऊदी अरब में रहता था। 12 रोज पहले घर आया था। अपने परिवार को छतौनी डेरा पर तीन रोज पहले लेकर आया था। सुबह घर से स्कूटी के कर निकला और कहा कि बस आ रहे हैं। वाजुल ने बताया कि घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद सूचना आई कि उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। मौत की खबर मिलने हो घर में मातम छा गया। परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर अपने घर चले गए।
छतौनी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कंचन भास्कर ने बताया कि सूचना मिली कि एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा है। उसके बाद पुलिस टीम भेज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन की ओर से आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि टैंकर की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।