प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
चुनावी सरगर्मी के बीच राजनीतिक दलों के अलावा उनके समर्थक भी मतदाताओं को लुभाने के लिए अलग अलग तरीके इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसा ही एक तरीका बिहार के सिवान जिले में नजर आया है जहां एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र में लोगों से ‘वधू को आशीर्वाद के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट’ देने की अपील की है।
सूत्रों ने बताया कि सीवान जिले के सिसवां कला गांव के अशोक सिंह ने अपनी बेटी की शादी के कार्ड के लिफाफे पर मोदी को मतदान करने की अपील की है। लिखे संदेश में कहा गया है कि ‘‘मेरी बेटी को आशीर्वाद देने और देशहित में कृपया इस लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में अपना वोट दें।’’
इस अपील के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि इस संदेश का राष्ट्रहित के अलावा कोई दूसरा मतलब नहीं है। लोगों को मोदी जी के पक्ष में मतदान करना चाहिए क्योंकि उनसे बेहतर कोई दूसरा नेता नहीं है। नरेंद्र मोदी देश के बारे में जबकि दूसरे नेता अपने बारे में सोचते हैं। सिंह ने बताया कि मैं पिछले 15 साल से कुवैत में रह रहा हूं। वहां मैं एक निजी कंपनी में काम करता हूं।
वहीं अशोक सिंह के बेटे रवींद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही एक ऐसे नेता हैं जो देश को आगे ले जा सकते हैं। दूसरा कोई नेता ऐसा नहीं कर सकता है।