बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक गांव में जहरीली शराब पीने की वजह से छह लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से बीमार हो गए। उप प्रभागीय अधिकारी (पश्चिम) कुंदन कुमार ने जानकारी दी कि रविवार रात को कुछ लोगों ने नेकनामपुर गांव में जहरीली शराब पी ली थी।
मरने वालों की पहचान मिस्त्री साहनी, गुनौर साहनी, शिवमंगल राम, बालेंद्र राम, बालेश्वर राम, रामलाल साहनी और बिल्केशवर राम के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना है जहरीली शराब के चलते चार और लोगों की भी मौत हुई है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि उनकी मौत की वजह कुछ और है। घटना से गुस्साए लोगों ने दो शराब की दुकानों को आग लगा दी और देवरिया-मुजफ्फरपुर रोड़ को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने मरने वालों के परिवार वालों के मुआवजे की भी मांग की है।