राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने मुजफ्फरपुर आश्रयगृह में रह चुकी एक लड़की से चलती कार में सामूहिक बलात्कार के मामले की जांच के लिए सोमवार को एक समिति गठित की। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा के नेतृत्व वाली समिति इस सप्ताह बाद में बिहार का दौरा करेगी और पीड़िता, पुलिस महानिदेशक और संभवत: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेगी।
शर्मा ने ट्वीट किया, बिहार से हमारे सदस्य नियमित दौरे करते हैं और उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के मामलों को उठाया है लेकिन चीजों में सुधार होता प्रतीत नहीं हो रहा है। मैं सभी मामलों पर निजी तौर पर बिहार के डीजीपी से और संभव हुआ तो बिहार के मुख्यमंत्री के साथ भी चर्चा करूंगी।
उन्होंने कहा, वह पहले से पीड़िता है, उसकी मदद करने के बजाय उसे इस सब से गुजरना पड़ा। हम उसे वह सभी मदद मुहैया कराएंगे जिसकी उसे जरूरत है या जिसकी वह मांग करेगी। हमें उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी। आयोग ने बिहार के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी कर मामले को प्राथमिकता देने और जांच को तेजी से पूरा करने को कहा है।