आईटी एक्सपर्ट की पत्नी प्रीति पांडे
- फोटो : सोशल मीडिया
भोपाल के एम्स अस्पताल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में काम करने वाले एक आईटी एक्सपर्ट की पत्नी प्रीति पांडे के उन आरोपों का खंडन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पति का सही तरीके इलाज नहीं हो रहा है।
भोपाल एम्स की पीआरओ डॉ.लक्ष्मी प्रसाद ने एक बयान में कहा- वायरल वीडियो में हम पर आरोप लगाया जा रहा है अस्पताल उनके कोविड-19 से संक्रमित पति को उचित इलाज नहीं दे रहा है। हम पर लगाए गए ये आरोप आधारहीन हैं। ये आरोप मुख्य रूप से एम्स और हमारे डॉक्टरों की छवि खराब करने के लिए लगाए गए हैं। राजकुमार पांडे का इलाज बेहतर तरीके से चल रहा है। सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, हालांकि मरीज के परिवार के चिंताओं को लेकर हमारी सहानुभूति है, लेकिन इस वीडियो में जो आधारहीन बातें कही गई हैं, हम उसकी आलोचना करते हैं। राजकुमार का रेगुलर बेसिस पर चेकअप किया जा रहा है। आज सुबह के राउंड पर भी उनको देखा गया है। उनकी चिंताएं सुनी जा रही हैं।
बता दें कि प्रीति पांडे का आरोप है कि एम्स के ज्यादातर डॉक्टर छुट्टी पर हैं। दो दिन में उनके पति को देखने कोई नहीं आया सिर्फ आइसोलेशन के नाम पर अस्पताल में रखा गया है। उनके पति को खाना-पीना भी नहीं मिल रहा है, उनका कोई उपचार भी नहीं किया जा रहा है।
बुधवार दोपहर तक भोपाल में छह नए मामले सामने आने के बाद शहर में अब तक इस महामारी की चपेट में आए मरीजों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है।