मेवात के दो युवाओं ने लोगों को जागरूक करने के लिए नए तरीके से पहल की
- फोटो : अमर उजाला
एक ओर जहां सरकार व सामाजिक संस्थाएं जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित करती हैं। वहीं मेवात के दो युवाओं ने लोगों को जागरूक करने के लिए नए तरीके से पहल की।
अपनी बारात में जाने के लिए तैयार बैठे दूल्हे के वेश में इन युवाओं ने जल संरक्षण की स्वयं शपथ ली साथ ही बारातियों में शामिल ग्रामीणों और रिश्तेदारों को भी इसके लिए प्रेरित कर शपथ दिलाई।
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की टीम ने ग्रामीणों के इस प्रयास को सराहा और बारातियों से शपथ दिलाई। तावडू खंड के गांव कालरपुरी निवासी बलजीत के बेटे हितेश व विनय की बारात झज्जर के गांव पटौदी जाने के लिए तैयारी कर रही थी।
सरकारी विभाग ने शादी में पहुंचकर जागरूकता फैलाई
पानी
- फोटो : getty
जल संरक्षण की मुहिम के सिलसिले में गांव कालरपुरी में पहुंची जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शादी समारोह में शामिल होकर वहां मौजूद लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए प्रेरित करना शुरू किया।
वहां दूल्हे के वेश में तैयार बैठे हितेश व विनय ने पहल करते हुए जल संरक्षण की शपथ ली। जन स्वास्थ्य विभाग की टीम के जिला सलाहकार नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि कालरपुरी में लोगों से खुले में पानी की टूटियां न चलाने की अपील की गई।
हितेश व विनय ने कहा कि उनके लिए इससे बेहतर अवसर क्या हो सकता था कि वे शादी के दिन पूरी आवाम के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।
'स्वच्छ समाज के निर्माण को कोई नहीं रोक सकता'
पानी की बर्बादी से गहराता संकट।
उन्हें व उनके परिजनों को जल संरक्षण की मुहिम में योगदान देने का यह स्मरणीय अवसर प्रदान हुआ है।
वे इसका हमेशा निर्वाह करेंगे और आने वाली दुल्हनों हेमलता व रीना को भी जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। दूल्हों के पिता बलजीत ने कहा कि इस तरह से कड़ियां जुड़ती रहीं तो स्वच्छ समाज के निर्माण को कोई नहीं रोक सकता है।
इस मौके पर खंड समन्वयक संदीप कुमार व खुर्शीद, बीर सिंह, रणधीर, भरत सिंह, रंगलाल, नवल, आशाराम, धर्मपाल, करण सिंह, मांगेराम, दलीप, सुरेंद्र, ब्रह्मप्रकाष व मोहर सिंह आदि मौजूद रहे।