फलक ने जहां गिराई है बिजलियां, अपनी भी जिद है वहीं बसाएंगे आशियां। इस कहावत को सच करके दिखा रही हैं प्रतिमा मोहंती। जिन जरूरतमंद परिवारों में शिक्षा की रोशनी नहीं पहुंची है, वहां अपने प्रयास से 40 वर्षीय प्रतिमा शिक्षा की अलख जगा रही हैं।
अपने शिक्षम अभियान के तहत जरूरतमंदों को शिक्षा के प्रति प्रेरित कर उन्हें समाज में एक पहचान दिलाना इनका मकसद है। जिससे वे दूसरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सके। नहर पार सहित शहर की कॉलोनी, स्लम आदि में प्रतिम शिक्षा के लिए आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार के बच्चों को जागरूक कर रही है। वे सेक्टर-9 में ऐसे बच्चों के लिए विशेष स्कूल का संचालन कर रही हैं।
प्रतिमा इस अभियान में 2014 से जुटी हुई हैं। जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा का मार्ग प्रशस्त कर सुनहरे भविष्य की नींव रख रही हैं। अभी तक प्रतिमा के प्रयास से ऐसे परिवारों के 73 प्रतिभावान बच्चों का विभिन्न कक्षाओं में एडमिशन निजी स्कूलों में कराया गया है।
शिक्षम अभियान के तहत बच्चों के लिए नियमित पढ़ाई की व्यवस्था की जाती है। जो बच्चे प्रतिभावान होते हैं। उनका हर साल नामचीन निजी स्कूलों में दाखिला कराया जाता है। प्रतिमा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता अभियान का संचालन करती हैं। बकौल प्रतिमा, जहां चाह है वहां राह अपने आप ही बन जाती है। भले ही देश तरक्की की राह पर चल रहा है लेकिन जागरूकता की काफी कमी है।