आजकल बाइक या स्कूटी चलाते वक्त हेलमेट पहनना अनिवार्य हो चुका है। अगर आपने हेलमेट पहना है और लगता है कि आपका चालान नहीं कटेगा तो ऐसा नहीं है। हेलमेट पहनने के बावजूद भी कुछ गलतियों के कारण आपका चालान कट सकता है। इसके पीछे वजह जानकर आप हैरान रह जाएंगे।
दरअसल, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक ऐसी छोटी सी गलती है, जिसके कारण हेलमेट पहने होने के बावजूद चालान कट सकता है। यह गलती कई लोग बार-बार करते हैं, और ट्रैफिक पुलिस या फिर सड़क पर लगे कैमरे की नजर में आ जाने पर चालान कट जाता है।
क्या गलती करते हैं लोग?
जब आप हेलमेट पहनते हैं तो उसके स्ट्रैप को सही से बंद करना जरूरी है। कई लोग केवल हेलमेट पहन लेते हैं लेकिन स्ट्रैप नहीं लगाते। कई बार कहीं निकलने की जल्दबाजी में भी लोग स्ट्रैप लगाना भूल जाते हैं। ऐसे में उनका हेलमेट स्ट्रैप खुला ही रह जाता है। ऐसे लोगों की घरपकड़ होने पर पुलिस उनका चालान काट सकती है।
हेलमेट स्ट्रैप न लगाने पर कितना कटता है चालान
अगर आपने हेलमेट तो पहन लिया लेकिन स्ट्रैप नहीं बांधा, तो यह मोटर व्हीकल एक्ट के सेक्शन 194D के तहत उल्लंघन माना जाता है। पहली बार गलती करने पर 1000 रुपये का चालान कट सकता है। अगर आपने इस गलती को बार-बार किया तो आपको अगले बार भी 1000 रुपये का चालान देना होगा।
स्ट्रैप न लगाने से क्या हो सकता है नुकसान?
यह ट्रैफिक नियम सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए बनाया है। हेलमेट का असल काम आपके सिर और चेहरे की सुरक्षा करना होता है। लेकिन अगर आप हेलमेट का स्ट्रैप नहीं बांधते हैं, तो यह आपकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है। मान लीजिए, आप राइड कर रहे हैं और अचानक से एक्सीडेंट हो जाता है, तो आपके सिर से हेलमेट निकल सकता है, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। हेलमेट बिना स्ट्रैप के सिर से बाहर निकल जाता है और सुरक्षा का उद्देश्य ही पूरा नहीं होता है। इसलिए हलमेट पहनने के बाद स्ट्रैप लगाना न भूलें।