देशभर में जारी लॉकडाउन के तीसरे चरण में उद्योगों को दी गई सशर्त छूट का लाभ उठाते हुए विभिन्न वाहन कंपनियों ने अपने डीलर शोरूम और संयंत्र दोबारा चालू किए हैं। साथ ही कई वाहन कलपुर्जा कंपनियों ने भी अपना कारखानों में उत्पादन शुरू किया है। होंडा मोटरसाइकिल, डैमलर इंडिया, बीएमडब्ल्यू जैसी वाहन कंपियों और स्वराज इंजन, फैडरल मोगल, गोएल्जे इंडिया वाहन कलपुर्जा कंपनियों ने स्थानीय प्रशासन से अनिवार्य अनुमतियां मिलने के बाद बृहस्पतिवार को अपने डीलर शोरूम/ संयंत्र खुलने की सूचना दी। इससे पहले बुधवार को मारुति सुजुकी इंडिया, ह्यूंदै मोटर, मर्सिडीज-बेंज, रॉयल एनफील्ड, इसुजू मोटर्स और टीवीएस मोटर इत्यादि ने भी अपना परिचालन दोबारा शुरू करने की जानकारी दी थी।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) के विवणन और बिक्री निदेशक यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा है कि सरकार की आर्थिक गतिविधियों पर लगे प्रतिबंधों से सशर्त राहत देने के बाद हम चरणबद्ध तरीके से सावधानी पूर्वक आगे बढ़ेंगे। ग्रीन और ऑरेंज जॉन में जो हमारे डीलर हैं उन्होंने स्टोर खोलने शूरू कर दिए हैं। वाहन कंपनियों के अलावा परिचालन फिर शूरू करने से देश की एक महीने से भी अधिक समय से सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था में नई रौनक आने की उम्मीद है। हाल में जारी पीएमआई सर्वेक्षण के हिसाब से देश के निर्माण और सेवा क्षेत्र दोनों की गतिविधियों में अप्रैल में रिकॉर्ड गिरवाट दर्ज की गई है।
कोरोना संकट से सबक लेते हुए ह्युंदै इंडिया ने नए ग्राहकों के लिए एक विशेष योजना पेश की है। भावी ग्राहकों को यह आश्वासन देने के लिए कि नौकरी चले जाने के संभावित खतरों से उनकी खरीद प्रभावित नहीं होगी। कंपनी ने बुधवार को इसकी घोषणा की और कहा कि मई के चालू महीने में की गई खरीद के लिए यह कार्यक्रम पेश कर रही है। ह्यूंदै का कहना है कि चुनिंदा नए ग्राहकों के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है, जो कार लोन के तीन ईएमआई तक को कवर करती है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस कार्यक्रम के तहत उन ग्राहकों को लाभ मिलेगा जो अनिश्चितताओं की परिस्थिति में जैसे कि कंपनी के खराब वित्तीय स्वास्थ्य / अधिग्रहण / विलय के मद्देनजर रोजगार हानि या किसी अन्य कानूनों के लागू होने कारण उनकी नौकरी चली जाए तो। इस कार्यक्रम के तहत कार की बिक्री की तारीख से तीन महीनों के बाद एक साल की अवधि तक ग्राहकों को इसका लाभ मिलेगा। यानी कुल मिलाकर 15 महीनों तक ग्राहक इस कार्यक्रम के तहत सुरक्षित रहेंगे।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने वायरस से अपने करीब 34 हजार कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए वेलनेस एप मित्र एप विकसित करने की जानकारी दी। सरकार एप आरोग्य सेतु का पूरक यह एप कंपनी के देशभर में फैले कर्मचारियों की वास्तवकि समय ने स्वस्थ निगरानी करने में सहायक है। वहीं कर्मचारी इस एप के माध्यम से अकस्मिक स्थिति में मदद भी मांग सकते हैं।