फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Volvo: वोल्वो ने किया अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी EX30 की 40 हजार से ज्यादा गाड़ियों को रिकॉल, आग लगने का खतरा

Wed, 25 Feb 2026 03:27 PM IST
सुयश पांडेय टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

स्वीडिश कार कंपनी वोल्वो ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी EX30 की 40,000 से ज्यादा यूनिट्स को बैटरी ओवरहीटिंग के संभावित खतरे के चलते रिकॉल किया है। कंपनी ने चेतावनी जारी की है कि फिलहाल वाहन घर के अंदर पार्क न करें। साथ ही बैटरी को 70% से ज्यादा चार्ज न करने की सलाह भी दी है।

विज्ञापन
वोल्वो इलेक्ट्रिक एसयूवी वोल्वो EX30 - फोटो : वोल्वो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्वीडिश कार निर्माता वोल्वो ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी वोल्वो EX30 को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने दुनियाभर में 40,000 से अधिक यूनिट्स को रिकॉल करने का फैसला किया है। इसकी वजह बैटरी पैक में ओवरहीटिंग बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि इससे आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है।

किन मॉडल्स पर असर?

यह रिकॉल EX30 के दो वेरिएंट्स को प्रभावित करता है:

  • सिंगल-मोटर एक्सटेंडेड रेंज
  • ट्विन-मोटर परफॉर्मेंस

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कुल 40,323 गाड़ियां इस समस्या से प्रभावित हो सकती हैं।

ग्राहकों के लिए कंपनी की सलाह

वोल्वो ने EX30 के मालिकों से अपील की है कि गाड़ी को घर के अंदर पार्क न करें। कार की बैटरी को फिलहाल 70% से ज्यादा चार्ज न करें। कंपनी का कहना है कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता यह एहतियाती कदम है जो ग्राहकों को उठाने चाहिए।

क्या है समस्या?

जांच में सामने आया है कि गाड़ी का हाई-वोल्टेज बैटरी पैक ओवरहीट हो सकता है। इससे आग लगने की आशंका हो सकती है। प्रभावित बैटरियां चीन की कंपनी शेंडोंग गीली सनवोडा पावर बैटरी कंपनी लिमिटेड के जरिए सप्लाई की गई हैं। ये कंपनी वोल्वो की पेरेंट कंपनी गीली (Geely) के साथ साझेदारी में काम करती है। अच्छी बात ये है कि सप्लायर ने तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया है और अब रिप्लेसमेंट बैटरी सेल्स उपलब्ध कराए जाएंगे। वोल्वो सभी प्रभावित ग्राहकों से संपर्क कर रही है और खराब बैटरी मॉड्यूल को बिना किसी शुल्क के बदला जाएगा।

कितनी आ सकती है लागत?

रॉयटर्स के विश्लेषण के अनुसार, सिर्फ नई बैटरियों की लागत ही लगभग 195 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकती है। इसमें लॉजिस्टिक्स और मरम्मत का खर्च शामिल नहीं है। हालांकि वोल्वो ने इन आंकड़ों को अनुमान आधारित बताते हुए कहा है कि सप्लायर के साथ बातचीत जारी है।

भारत में वोल्वो EX30 की स्थिति

वोल्वो EX30 भारत में भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। हालांकि अभी तक SIAM (सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स) के पोर्टल पर इस एसयूवी को लेकर किसी रिकॉल की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

  • शुरुआती कीमत: ₹41 लाख (एक्स-शोरूम)
  • लॉन्च: सितंबर 2025
  • बैटरी पैक: 69 kWh
  • रेंज: एक बार चार्ज करने पर 480 किमी तक

मुकाबला किससे है?

भारतीय बाजार में EX30 का मुकाबला इन इलेक्ट्रिक एसयूवी से है:

  • ह्यूंदै आयोनिक 5 
  • मिनी कंट्रीमैन इलेक्ट्रिक

वोल्वो EX30 को लेकर आया यह रिकॉल ईवी इंडस्ट्री में बैटरी सुरक्षा को लेकर बढ़ती सतर्कता को दिखाता है। फिलहाल भारतीय ग्राहकों के लिए कोई आधिकारिक रिकॉल सूचना नहीं है। लेकिन अगर भविष्य में ऐसा होता है तो कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा की जाएगी। अगर आप EX30 के मालिक हैं तो कंपनी के निर्देशों का पालन करना ही सुरक्षित विकल्प है।

विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें