भारतीय टू-व्हीलर बाजार में अब कई दिग्गज कंपनियां मैक्सी स्कूटर उतारने वाली हैं। यह खासकर ऐसे ग्राहकों के लिए होंगे, जो स्कूटर में बाइक जैसी परफॉर्मेंस, लंबी दूरी की आरामदायक राइड और एडवांस फीचर्स चाहते हैं। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए होंडा ADV160, यमाहा NMax 155 और टीवीएस अपने मैक्सी स्कूटर बाजार में उतारने की तैयारी में है। इनके आने से प्रीमियम स्कूटर सेगमेंट में मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है।
भारतीय टू-व्हीलर बाजार में प्रीमियम मैक्सी स्कूटर सेगमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। फिलहाल इस कैटेगरी में विकल्प सीमित हैं, लेकिन आने वाले समय में ग्राहकों के पास कई नए ऑप्शन होने वाले हैं। अगले दो वर्षों में तीन नए मैक्सी स्कूटर लॉन्च होने की तैयारी में हैं, जो फीचर्स, परफॉर्मेंस और प्रैक्टिकैलिटी के मामले में बाजार में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकते हैं।
Maxi Scooters क्या होते हैं ?
मैक्सी स्कूटर सामान्य स्कूटरों की तुलना में आकार में बड़े, ज्यादा पावरफुल और लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर माने जाते हैं। इनमें बड़ी सीट, बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज, बेहतर विंड प्रोटेक्शन, ज्यादा फ्यूल टैंक क्षमता और हाईवे-फ्रेंडली परफॉर्मेंस मिलती है। यही वजह है लोग इन्हें शहर के साथ-साथ टूरिंग और लॉन्ग ड्राइविंग पर भी ले जाना पसंद करते हैं।
प्रीमियम मैक्सी स्कूटर सेगमेंट में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा
हाल ही में जारी हुए कई रिपोर्ट में सामने आया है कि भारत में प्रीमियम स्कूटर खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी मांग को देखते हुए कई कंपनियां अपने नए मैक्सी स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। होंडा, यमाहा और टीवीएस इस सेगमेंट में नए मॉडल्स लाने की योजना पर काम कर रही हैं, जिससे ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और बेहतर फीचर्स मिल सकेंगे।
Honda ADV160: सबसे पहले दस्तक देने वाला मॉडल
- तीनों कंपनियों में से होंडा ADV160 के सबसे पहले लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी भारत में पहले ही इसका डिजाइन पेटेंट फाइल कर चुकी है और कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने के लिए स्थानीय स्तर पर निर्माण की तैयारी भी कर रही है।
- इस स्कूटर में 155cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो 15.78 hp की पावर और 14.7 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। फीचर्स की बात करें तो इसमें 5-इंच TFT टचस्क्रीन, नेविगेशन, कॉल और SMS अलर्ट, म्यूजिक कंट्रोल, कीलेस इग्निशन, USB Type-C पोर्ट और 30 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज मिलेगा।
- इसके अलावा 8.1 लीटर का फ्यूल टैंक, टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और Showa शॉक्स लंबी दूरी की राइडिंग को अधिक आरामदायक बना सकते हैं। इसकी संभावित कीमत करीब 1.55 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) और लॉन्च 2026 के अंत तक माना जा रहा है।
यमाहा NMax 155: टूरिंग पसंद करने वालों के लिए खास
- यमाहा अपने पोर्टफोलियो को मजबूत करते हुए Aerox 155 के साथ NMax 155 को भी भारतीय बाजार में ला सकती है। जहां Aerox स्पोर्टी कैरेक्टर के लिए जाना जाता है, वहीं NMax 155 को ज्यादा प्रैक्टिकल और टूरिंग-फ्रेंडली स्कूटर माना जाता है।
- इसमें 155cc लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो Aerox के इंजन प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। फीचर्स में LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कीलेस इग्निशन और ऑटो स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम शामिल हो सकते हैं।
- यह मॉडल दक्षिण-पूर्व एशियाई बाजारों में पहले से मौजूद है, इसलिए इसकी विश्वसनीयता पहले ही साबित हो चुकी है। इसकी संभावित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये और लॉन्च 2027 की शुरुआत में हो सकता है।
टीवीएस का 160cc मैक्सी स्कूटर बन सकता है शानदार विकल्प
- टीवीएस भी इस सेगमेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। कंपनी का नया 160cc मैक्सी स्कूटर तीनों में सबसे किफायती विकल्प बन सकता है।
- इसमें करीब 160cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है, जो लगभग 14.79 hp की पावर जनरेट करेगा। खास बात यह होगी कि TVS किसी स्कूटर में पहली बार लिक्विड-कूल्ड इंजन पेश कर सकती है।
- फीचर्स की सूची भी काफी लंबी हो सकती है, जिसमें बड़ी विंडस्क्रीन, फुल LED लाइटिंग, 14-इंच व्हील्स, ट्रैक्शन कंट्रोल, ABS और TVS X जैसे बड़े कनेक्टेड डिस्प्ले की सुविधा शामिल हो सकती है। इसकी संभावित कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये रखी जा सकती है और लॉन्च 2027 के अंत तक होने की उम्मीद है।
ग्राहकों के लिए क्या होगा फायदा?
इन मॉडल्स के आने से प्रीमियम मैक्सी स्कूटर सेगमेंट में विकल्पों की संख्या बढ़ेगी। ग्राहकों को बेहतर फीचर्स, आधुनिक टेक्नोलॉजी, अधिक स्टोरेज और लंबी दूरी की आरामदायक राइडिंग का अनुभव मिल सकेगा। साथ ही बढ़ती प्रतिस्पर्धा कीमतों को भी संतुलित रखने में मदद कर सकती है।