अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने भारत में अपनी 6-सीटर एसयूवी Model Y L लॉन्च कर दी है। मुंबई में हुए इस शानदार इवेंट के दौरान कंपनी ने सिर्फ कारों पर ही नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीक पर भी बड़ी बात कही है। कंपनी ने साफ किया है कि सही समय आने पर टेस्ला इंसानों जैसा खास ह्यूमनॉइड रोबोट 'ऑप्टिमस' भारत में लॉन्च करेगी।
टेस्ला की APAC (एशिया-प्रशांत) रीजन की प्रमुख, इसाबेल फैन ने बताया कि इस रोबोट का अमेरिका में बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन इसी साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। भविष्य में ह्यूमनॉइड रोबोट हमारी जिंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा बनने वाले हैं।
इसाबेल फैन के अनुसार, यह रोबोट भविष्य में न केवल इंसानों के एक अच्छे दोस्त और साथी की तरह व्यवहार करेगा, बल्कि उन खतरनाक कामों को भी आसानी से निपटा सकेगा जिन्हें करने से इंसान अक्सर कतराते हैं। इतना ही नहीं, यह घर पर मेडिकल और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में भी बेहद मददगार साबित होगा।
टेस्ला केवल इलेक्ट्रिक कारें बनाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक स्तर पर एक बड़ी एनर्जी सॉल्यूशन कंपनी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी है। कंपनी का व्यापार सोलर एनर्जी से लेकर अत्याधुनिक एनर्जी स्टोरेज सिस्टम तक फैला हुआ है। इसमें व्यावसायिक उपयोग के लिए 'मेगा पैक' और घरेलू ग्राहकों के लिए 'पावर वॉल' जैसे विकल्प शामिल हैं।
भारत के संदर्भ में कंपनी का मानना है कि यहां सौर ऊर्जा की प्रचुरता इसे टेस्ला के एनर्जी बिजनेस के लिए एक बेहतरीन बाजार बनाती है। इसाबेल फैन ने भरोसा जताया है कि भारत की जरूरतों को देखते हुए सही समय पर इन एनर्जी सॉल्यूशंस को भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। ताकि यहां के उपभोक्ता भी टेस्ला की इस सस्टेनेबल तकनीक का लाभ उठा सकें।
आपको बता दें कि यह सारी अहम जानकारी टेस्ला की भारत में दूसरी पेशकश Model Y L के लॉन्च इवेंट में दी गई। यह एक थ्री-रो, 6-सीटर लग्जरी एसयूवी है, जो भारतीय ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन इलेक्ट्रिक विकल्प बनकर सामने आई है।