टाटा मोटर्स ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में तहलका मचाते हुए अपनी सबसे लोकप्रिय हैचबैक टाटा टियागो और टियागो ईवी का 2026 फेसलिफ्ट अवतार लॉन्च कर दिया है। नई डिजाइन, नए फीचर्स और सबसे जरूरी- बेहद आक्रामक कीमत के साथ यह कार एक बार फिर बजट सेगमेंट पर राज करने के लिए तैयार है। इस लॉन्च की सबसे बड़ी हाइलाइट इलेक्ट्रिक वेरिएंट के लिए आया BaaS (बैटरी-एज-ए-सर्विस) प्रोग्राम है, जिसने ईवी की कीमतों को पेट्रोल कारों से भी कम कर दिया है।
प्रीमियम और बोल्ड डिजाइन
टाटा ने अपनी नई टियागो और टियागो ईवी के एक्सटीरियर को पूरी तरह से नया और प्रीमियम लुक दिया है। इसका डिजाइन काफी हद तक कंपनी की प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज से प्रेरित नजर आता है। इसके फ्रंट लुक को ज्यादा बोल्ड बनाया गया है, जिसमें अब आइब्रो-शेप वाले नए एलईडी DRLs और शार्प हेडलाइट्स दी गई हैं। एक तरफ जहां पेट्रोल वर्जन में अल्ट्रोज जैसी ब्लैक ग्रिल का इस्तेमाल किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ इलेक्ट्रिक वर्जन में बॉडी-कलर की ब्लैंक्ड-ऑफ ग्रिल इसे अलग पहचान देती है। गाड़ी का फ्रंट बंपर भी पूरी तरह नया है। इसमें पेट्रोल मॉडल को पिक्सल-शेप फॉग लैंप्स दिए गए हैं जो इलेक्ट्रिक वर्जन में नहीं मिलेंगे। कार के साइड प्रोफाइल में 15-इंच के नए अलॉय व्हील्स और टियागो NRG जैसा रफ-एंड-टफ लुक देने के लिए ब्लैक व्हील आर्चेज जोड़े गए हैं। वहीं, पिछले हिस्से में भी बड़ा बदलाव करते हुए नई कनेक्टेड टेललाइट्स दी गई हैं। इनमें आकर्षक वर्टिकल एलईडी स्ट्रिप्स का इस्तेमाल किया गया है।
प्रीमियम केबिन और एडवांस फीचर्स
नई टाटा टियागो के इंटीरियर और फीचर लिस्ट को काफी अपग्रेड किया गया है। इससे अब इसमें महंगे सेगमेंट वाली कारों का अहसास होता है। तंग जगहों पर पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें 360-डिग्री कैमरा दिया गया है। जबकि केबिन में एक साथ दो फोन चार्ज करने के लिए डुअल वायरलेस चार्जर की सुविधा मिलती है।
यात्रियों के आराम और सुविधा को ध्यान में रखते हुए, कार में ऑटो-फोल्डिंग ORVMs (बाहरी शीशे) और पीछे बैठने वालों के लिए रियर एसी वेंट्स भी शामिल किए गए हैं। इसके अलावा, आपके ड्राइविंग अनुभव को और भी आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए इसमें क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, बारिश होने पर खुद चालू होने वाले रेन-सेंसिंग वाइपर्स और AMT गियरबॉक्स वाले मॉडल्स में पैडल शिफ्टर्स जैसे बेहतरीन फीचर्स जोड़े गए हैं।
इंजन और बैटरी
टाटा ने अपनी नई टियागो और टियागो ईवी के पावरट्रेन में संतुलित बदलाव किए हैं। जहां पेट्रोल और सीएनजी (ICE) वर्जन के इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। वहीं इसमें पहले की तरह ही 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रहेगा, जो 86hp की पावर और 113Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और AMT ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ आता है, जबकि सीएनजी वर्जन में यही इंजन 75.5hp की पावर आउटपुट देता है।
परफॉर्मेंस और चार्जिंग की बात करें तो नई Tiago EV अब 24 kWh के बड़े बैटरी पैक के साथ आती है। सबसे बड़ा अपग्रेड इसकी चार्जिंग स्पीड में हुआ है, जो अब पहले के मुकाबले 40 फीसदी ज्यादा तेज हो गई है। इसकी बदौलत कार को मात्र 18 मिनट में इतना चार्ज किया जा सकता है कि यह 100 किलोमीटर की दूरी आसानी से तय कर ले।
इसके अलावा, ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंता को दूर करते हुए टाटा मोटर्स अब इस इलेक्ट्रिक हैचबैक के साथ लाइफटाइम बैटरी वारंटी भी ऑफर कर रही है, जो इस सेगमेंट में पहली बार देखने को मिल रहा है।
क्या होंगी कीमतें
| कार वेरिएंट |
शुरुआती कीमत (एक्स-शोरूम) |
विशेष नोट |
| 2026 टाटा टियागो (पेट्रोल) |
₹4.69 लाख |
शुरुआती कीमत |
| 2026 टाटा टियागो iCNG |
₹5.79 लाख |
शानदार माइलेज और ट्विन-सिलेंडर तकनीक |
| 2026 टाटा टियागो ईवी (BaaS के साथ) |
₹4.69 लाख |
बैटरी का किराया: ₹2.6 प्रति किमी |
| 2026 टाटा टियागो ईवी (बैटरी के साथ) |
₹6.99 लाख |
बिना किसी रेंटल के पूरी कार आपकी |
BaaS क्या है?
बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) के तहत आप बिना बैटरी की कीमत दिए कार खरीद सकते हैं। इससे कार की कीमत ₹2.3 लाख तक कम हो जाती है और आपको बस ₹2.6 प्रति किलोमीटर के हिसाब से बैटरी का किराया देना होता है।
नए प्लेटफॉर्म पर हुई तैयार
नई टियागो को कंपनी ने एक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है, जिसे 'X Alpha' आर्किटेक्चर नाम दिया गया है। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पेट्रोल, पेट्रोल-CNG और इलेक्ट्रिक (ईवी) तीनों तरह के इंजनों के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है। टियागो अपने सेगमेंट की इकलौती ऐसी कार है जो इन तीनों पावरट्रेन विकल्पों के साथ आती है।
सुरक्षा में हुआ जबरदस्त सुधार
टाटा की गाड़ियां अपनी मजबूती के लिए जानी जाती हैं और नई टियागो फेसलिफ्ट ने इस मामले में बार को और ऊपर कर दिया है। कार में मिलने वाले मुख्य सेफ्टी अपडेट्स इस प्रकार हैं:
6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड: अब कार के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स बेस मॉडल से ही मिलेंगे।
एडवांस्ड असिस्ट: इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल और ब्लाइंड व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं।
क्रैश टेस्ट में कमाल: टाटा का दावा है कि इसे GNCAP से 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। इवेंट में बताया गया कि इस कार को एक ही गाड़ी से दो बार टकराने वाले (टू इंपैक्ट्स) क्रैश टेस्ट से भी गुजारा गया है, जहां इसने 360-डिग्री प्रोटेक्शन दिया।
अपने पेट्रोल वेरिएंट की तरह ही नई Tiago EV फेसलिफ्ट में भी सेफ्टी को सबसे ऊपर रखा गया है। अब इस इलेक्ट्रिक कार में भी 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड (यानी बेस मॉडल से ही) दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही इसमें हाई-बीम अलर्ट और ऑटो डीमिस्ट जैसे स्मार्ट फीचर्स जोड़े गए हैं।
ये केबिन में नमी को खुद डिटेक्ट करके शीशों पर धुंध जमने से रोकते हैं। ड्राइविंग के शौकीनों के लिए अच्छी बात यह है कि बेहतर वेट डिस्ट्रीब्यूशन (वजन के सही संतुलन) की वजह से यह कार सड़क पर पहले से कहीं ज्यादा स्टेबिलिटी और कंट्रोल देती है, जिससे भारी ट्रैफिक या हाई-वे पर गाड़ी चलाना बेहद आसान हो जाता है।
भारत की पहली CNG ऑटोमैटिक कार (CNG AMT)
टाटा टियागो का फेसलिफ्ट मॉडल भारत की पहली ऐसी कार बन गई है, जिसमें CNG पावरट्रेन के साथ ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है।
ट्विन-सिलेंडर CNG + AMT: इसके सीएनजी वेरिएंट में कंपनी की पेटेंटेड ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी मिलती है। इससे बूट स्पेस (डिक्की की जगह) पूरा मिलता है। साथ ही, अब सीएनजी में भी ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स का मजा लिया जा सकेगा।
पहले से ज्यादा आराम और ऊंची सीटिंग पोजीशन
पिछले मॉडल की सीटों को लेकर कुछ ग्राहकों को आराम की शिकायत थी, जिसे कंपनी ने इस बार पूरी तरह दूर कर दिया है:
बेहतर व्यू: नई टियागो में अब 626 mm की ऊंची सीटिंग पोजीशन मिलेगी, जो इस सेगमेंट में सबसे बेहतरीन है। इससे ड्राइवर को सड़क का साफ नजारा मिलता है और कार में बैठना-उतरना आसान हो जाता है।
ALFA इंस्पायर्ड सीट्स: कार की नई सीटें टाटा के प्रीमियम ALFA आर्किटेक्चर (जिस पर एल्ट्रोज जैसी कारें बनी हैं) से प्रेरित हैं। इसका मतलब है कि अब यात्रियों को लंबा सफर तय करते समय पैरों के नीचे बेहतर सपोर्ट (Under-thigh support) मिलेगा।
10 वर्षों में बेची 7 लाख से ज्यादा यूनिट्स
टाटा टियागो को पूरे 10 वर्ष हो चुके हैं और इन वर्षों में कंपनी ने इसकी 7 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेची हैं। Tata Tiago Facelift और Tiago EV Facelift मॉडल लॉन्च करके कंपनी ने इसी कामयाबी को आगे बढ़ाया है।
ईवी सेगमेंट में 3 लाख ग्राहकों का भरोसा
टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक गाड़ियों (ईवी) ने भारतीय बाजार में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। अब देश में कंपनी के 3 लाख से ज्यादा ईवी ग्राहक हो चुके हैं। टाटा का कहना है कि अभी तक इलेक्ट्रिक कारों की सबसे ज्यादा डिमांड प्रीमियम सेगमेंट (महंगी कारों) में है। लेकिन Tiago EV के जरिए कंपनी उन ग्राहकों को टारगेट कर रही है, जो एक प्रैक्टिकल और बजट-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं। आपको बता दें कि अब तक भारत में 75,000 से ज्यादा लोग टियागो ईवी खरीद चुके हैं।
2026 Tata Tiago EV: नए वेरिएंट्स
टाटा ने अपनी नई Tiago EV के लाइनअप को पूरी तरह अपडेट कर दिया है। अब यह कार ग्राहकों को तीन नए ट्रिम लेवल्स में मिलेगी:
Smart (बेस वेरिएंट)
Pure Plus (मिड वेरिएंट)
Creative Plus (टॉप-एंड वेरिएंट - प्रीमियम फीचर्स के साथ)
नए और अनोखे कलर विकल्प
इस बार टाटा मोटर्स ने कलर्स के नाम भारत के खूबसूरत शहरों और जगहों से प्रेरित होकर रखे हैं।
Tiago Facelift (पेट्रोल/सीएनजी) के लिए कलर विकल्प:
- वाराणसी वाइब्रेंस (Varanasi Vibrance)
- सोबो सर्ज (Sobo Surge)
- पैंगोंग पल्स (Pangong Pulse)
- प्रिस्टिन व्हाइट (Pristine White)
- प्योर ग्रे (Pure Grey)
- डेटोना ग्रे (Daytona Grey)
Tiago EV Facelift के लिए खास कलर:
इलेक्ट्रिक वेरिएंट में ऊपर दिए गए सभी 6 कलर्स तो मिलेंगे ही, साथ ही इसमें एक एक्सक्लूसिव कलर 'देहरादून ड्यू' (Dehradun Dew) भी शामिल किया गया है, जो इसे रेगुलर मॉडल से अलग लुक देता है।