टाटा मोटर्स ने अपने यात्री वाहनों के मूल्य 12,000 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। यह वृद्घि लागत बढ़ने की वजह से हुई है। टाटा मोटर्स के पैसेंजर वेहिकल्स बिजनेस यूनिट के प्रेसीडेंट मयंक पारीक ने कहा कि लागत बढ़ने की वजह से हमने अपने यात्री वाहनों की कीमतें एक फीसदी बढ़ाई हैं, जो 5,000 रुपये से 12,000 रुपये के बीच है।
उन्होंने कहा कि इस्पात और जिंक जैसे कच्चे मालों की कीमतें बढ़ गई हैं, जिसके कारण यह फैसला लेना पड़ा है। टाटा मोटर्स छोटी कार नैनो, हाल में लांच हैचबैक टियागो और क्रॉसओवर एरिया सहित कई यात्री वाहनों की बिक्री करती है। इनकी एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 2.15 लाख रुपये से 16.3 लाख रुपये के बीच है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी इस महीने से अपने कुछ यात्री और छोटे वाणिज्यिक वाहनों की कीमतें एक फीसदी बढ़ा दी हैं। अगस्त में ह्यूंडई मोटर इंडिया ने अपने वाहनों की कीमत 20 हजार रुपये तक बढ़ा दी थी, जबकि मारुति सुजुकी ने भी अपनी कारों की कीमतें 20 हजार रुपये तक बढ़ा दी हैं।