ये तो आप जानते ही होंगे कि कार सही तरीके से काम करें, इसके लिए जरूरी है कि कार के सभी उपकरण सही से काम करें। ऐसे में हो सकता है कि आपने कभी विंडस्क्रीन पर दिए गए काले डॉट्स को देखा हो, मगर कार में इसका उपयोग क्या है, इस बारे में आपने ध्यान नहीं दिया हो। कई लोग सोचते हैं कि कार की विंडस्क्रीन पर मिलने वाले काले डॉट्स सिर्फ विंडस्क्रीन को बेहतर डिजाइन देने के लिए दिया जाता है। मगर ये सच नहीं है, दरअसल कार निर्माता कार में कुछ भी बिना जरूरत के नहीं देते हैं। विंडस्क्रीन में काले डॉट्स काफी काम के होते हैं।
कार की विंडस्क्रीन पर दिए जाने वाले काले डॉट्स से भले ही विंडस्क्रीन का लुक बेहतर हो जाता है। मगर इनका असली काम विंडस्क्रीन को कार के फ्रेम से निकलने से रोकना होता है। ये काले डॉट्स विंडस्क्रीन पर लगी गोंद को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करते हैं।
इसके अलावा काले डॉट्स विंडस्क्रीन पर एक उभरी हुई सतह बनाकर रखते हैं। इस वजह से विंडस्क्रीन को कार के फ्रेम के साथ जुड़े रहने में मजबूती मिलती है। साथ ही ये काले डॉट्स सूरज की अल्ट्रावायलट किरणों को कार में आने से रोकती है। इनकी वजह से सूरज की लाइट कार के किनारों से अंदर नहीं आ पाती है। इसके अलावा कार की विंडस्क्रीन पर काले डॉट्स खूबसूरती देने का काम भी करते हैं। अगर कोई विंडस्क्रीन को बाहर से देखेगा तो ये एक पैटर्न के साथ बने होते हैं।