भारत में सभी प्रमुख कार और दोपहिया वाहन निर्माता अगले महीने दिल्ली में आयोजित होने वाले छह दिवसीय भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में भाग लेंगे। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने उन निर्माताओं की सूची की पुष्टि की है जो इस आयोजन में भाग लेंगे। यह आयोजन पिछली बार जनवरी 2023 में आयोजित द्विवार्षिक भारतीय ऑटो एक्सपो की जगह लेगा। वाहन निर्माताओं के निकाय ने पुष्टि की है कि इस आयोजन में 34 ब्रांड भाग लेंगे। जो 1986 में आयोजित ऑटो एक्सपो के पहले संस्करण के बाद से सबसे ज्यादा संख्या है।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो, जो भारतीय ऑटो एक्सपो का 17वां संस्करण होगा, को आधिकारिक तौर पर मोटर शो कहा जाएगा। इसका आयोजन SIAM द्वारा ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ACMA) और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के साथ मिलकर किया जाएगा। यह कार्यक्रम 17 जनवरी से दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 22 जनवरी को होगा।
Bharat Mobility Global Expo 2025
- फोटो : Bharat Mobility
कौन से कार निर्माता करेंगे शिरकत
उन्होंने कहा कि ऑटो एक्सपो के आगामी संस्करण में भाग लेने वाली प्रमुख कार निर्माताओं में मारुति सुजुकी, ह्यूंदै मोटर, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, टोयोटा मोटर, किआ, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर, स्कोडा और फॉक्सवैगन शामिल हैं। लग्जरी कार सेगमेंट में, मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू और पोर्शे जैसी जर्मन ऑटो दिग्गज कंपनियों ने मौजूदगी की पुष्टि की है। BYD और VinFast उन विदेशी कार निर्माताओं में से हैं जो इलेक्ट्रिक वाहनों में विशेषज्ञता रखते हैं। यह पहली बार होगा जब वियतनाम स्थित ईवी निर्माता भारत आएगा।
अगले साल भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में प्रदर्शित होने वाली कुछ सबसे प्रतीक्षित कारों में मारुति सुजुकी ई विटारा, ह्यूंदै क्रेटा ईवी और टाटा सिएरा शामिल हैं।
ये दोपहिया वाहन निर्माता करेंगे भागीदारी
दोपहिया वाहन क्षेत्र में हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो, टीवीएस मोटर, होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया, सुजुकी मोटरसाइकिल और यामाहा जैसी प्रमुख निर्माता कंपनियां इस आयोजन में भाग लेंगी। एथर एनर्जी, ओला इलेक्ट्रिक जैसी इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल निर्माता कंपनियां भी पहली बार ऑटो एक्सपो में भाग लेंगी।
Maruti Suzuki e Vitara Electric Car
- फोटो : Suzuki
ऑटो एक्सपो का आयोजन भारत में पिछली बार जनवरी 2023 में ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में किया गया था। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024 का उद्घाटन 1-3 फरवरी को प्रगति मैदान एक्सपो स्थल पर किया गया था।