Car Resale Value: आज के समय में नई कार खरीदना हर किसी के बजट में नही होता। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग पुरानी कार खरीदते हैं, लेकिन जब बात पुरानी कार को बेचने की आती है, तो हर बार उम्मीद के अनुसार कीमत नहीं मिल पाती। हालांकि कार की रीसेल वैल्यू बाजार में उसकी मांग और सप्लाई पर भी निर्भर करती है, लेकिन बेचने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां करने से कार खरीदार पर बेहतर प्रभाव डाल सकती है। साफ-सफाई, जरूरी सर्विस, रिपेयर, पूरे कागजात और सही प्लेटफॉर्म चुनने जैसे छोटे कदम बेहतर डील मिलने की संभावना बढ़ा सकते हैं।
1. कार की अच्छी तरह सफाई करवाएं
- कार बेचने से पहले उसकी अंदर और बाहर दोनों तरफ से अच्छी तरह सफाई करवाना जरूरी होता है। बाहर की बॉडी से धूल, दाग और छोटे स्क्रैच हटवाएं। जरूरत होने पर पॉलिश और वैक्सिंग भी कराई जा सकती है।
- इसके साथ ही कार के अंदर सीट, डैशबोर्ड और फ्लोर की भी अच्छी तरह सफाई करवाएं। साफ-सुथरी और अच्छी स्थिति में दिखने वाली कार खरीदार पर पहली नजर में ही बेहतर प्रभाव डाल सकती है।
2. जरूरी सर्विस और रिपेयर करा लें
- कार बेचने से पहले उसकी मौजूदा स्थिति की जांच जरूर करवा लें। इंजन ऑयल, ब्रेक, टायर और बैटरी जैसी जरूरी चीजों को चेक कराएं।
- अगर कार में कोई छोटी-मोटी खराबी है, तो उसे ठीक करवाना बेहतर हो सकता है। इसके अलावा कार की सर्विस हिस्ट्री भी संभालकर रखें।
- सर्विस रिकॉर्ड होने से खरीदार को यह भरोसा मिलता है कि कार की समय-समय पर देखभाल की गई है।
3. सभी जरूरी कागजात रखें तैयार
- पुरानी कार बेचते समय दस्तावेज पूरे और अपडेटेड होना बहुत जरूरी होता है। इसलिए बिक्री से पहले आरसी, इंश्योरेंस, PUC और सर्विस बुक जैसे जरूरी कागजात तैयार रखें।
- अगर किसी दस्तावेज में कमी या समस्या है, तो खरीदार कीमत कम करने की कोशिश कर सकता है। वहीं, सभी कागजात सही रहेंगे, तो खरीददार आनाकानी नहीं करेगा और बिक्री की प्रक्रिया भी आसान रहती है।
4. अच्छी एक्सेसरीज की जानकारी दें
- अगर कार में अच्छा म्यूजिक सिस्टम, सीट कवर या दूसरी उपयोगी एक्सेसरीज लगी हुई हैं, तो खरीदार को इनके बारे में जरूर बताएं।
- हालांकि, सिर्फ कार बेचने के लिए बहुत ज्यादा मॉडिफिकेशन कराने से बचना चाहिए। कई खरीदार पुरानी कार को उसके ओरिजिनल यानी स्टॉक रूप में ही खरीदना पसंद करते हैं।
- इसलिए पहले से मौजूद उपयोगी एक्सेसरीज को जरूर दिखाएं, लेकिन गैर-जरूरी बदलावों पर ज्यादा खर्च करने से बचें।
5. सही समय और सही प्लेटफॉर्म चुनें
- कार बेचने का समय भी डील पर असर डाल सकता है। त्योहारों के आसपास या नए मॉडल के लॉन्च से पहले कार बेचने की कोशिश की जा सकती है।
- इसके अलावा सिर्फ एक जगह मिलने वाले ऑफर पर निर्भर न रहें। ऑनलाइन कार सेलिंग प्लेटफॉर्म और स्थानीय डीलर से मिलने वाले ऑफर्स की तुलना करें।
- अगर ऑनलाइन विज्ञापन डाल रहे हैं, तो कार की साफ और अच्छी तस्वीरें लगाने की कोशिश करें। कार की उम्र, हालत, सर्विस हिस्ट्री और किसी खराबी के बारे में सही जानकारी दें। गलत जानकारी देने के बजाय पारदर्शिता रखने से खरीदार का भरोसा बढ़ सकता है।
कार की कीमत बाजार की मांग पर भी निर्भर
- इन तरीकों से कार को बेहतर स्थिति में पेश करने और बिक्री प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इससे यह गारंटी नहीं होती कि कार की कीमत निश्चित रूप से बढ़ जाएगी।
- पुरानी कार की वास्तविक कीमत मॉडल की मांग, सप्लाई, कार की उम्र, कंडीशन और बाजार में उपलब्ध विकल्पों पर भी निर्भर करती है। इसलिए बेचने से पहले अलग-अलग प्लेटफॉर्म और डीलरों से मिलने वाले ऑफर्स की तुलना करना समझदारी हो सकती है।