Royal Enfield (रॉयल एनफील्ड) का राइडर मेनिया दो साल के बाद वापस लौटा। गोवा में तीन दिनों तक चलने वाले इसे मोटरिंग इवेंट के 2022 एडिशन में राइडर्स ने जमकर लुत्फ उठाया। इस इवेंट में कंपनी ने अपने लेटेस्ट उत्पाद, Super Meteor 650 (सुपर मीटियोर 650) को पेश किया और भारतीय बाजार में बेचे जाने वाले सभी रंगों का भी एलान किया।
बुकिंग डिटेल्स
सुपर मीटियोर 650 को पेश करने के अलावा, रॉयल एनफील्ड ने इवेंट में सबसे सस्ती Royal Enfield Classic 500 (रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500) भी लॉन्च की। इस 1:3 लिमिटेड एडिशन क्लासिक कलेक्टेबल को भारतीय बाजार में 67,990 रुपये में लॉन्च किया गया है और इसकी बुकिंग 2,000 रुपये में शुरू हो गई है। रॉयल एनफील्ड ने इस कलेक्टेबल को 18 रंगों में पेश किया है, जबकि राइडर मेनिया पर आठ रंगों की बुकिंग खासतौर पर उपलब्ध है।
क्या होता है स्केल मॉडल
स्केल मॉडल वह कलाकृति होती है, जो किसी असली चीज के जैसी दिखती है। वाहन निर्माता कंपनियां खास तौर पर कार और मोटरसाइकिल के स्केल मॉडल बनाती हैं। ये मॉडल दिखने में बिलकुल ओरिजनल वाहन जैसे होते हैं। हालांकि ये सिर्फ संग्रह और देखने के लिए रहते हैं। स्केल मॉडल का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
सिर्फ 8.5 किलो है वजन
हाथ से बनाए गए इन रेप्लिका में से हरेक का वजन 8.5 किलोग्राम है और इसमें वायर-स्पोक व्हील्स, पीशूटर एग्जॉस्ट और स्प्रिंग के साथ एक राइडर-ओनली सीट मिलता है। कंपनी का दावा है कि असली मोटरसाइकिल से पार्ट्स लेकर इन्हें हाथ से बनाया जाता है। हर स्केल मॉडल की लंबाई 780 मिमी, चौड़ाई 380 मिमी और ऊंचाई 261 मिमी है। रेप्लिका मॉडल भी आठ पेंट स्कीम- रेडडिच रेड, टील ग्रीन, क्रोम ब्लैक, गन ग्रे, मैरून क्रोम, बैटल ग्रीन, डेजर्ट स्टॉर्म और जेट ब्लैक में उपलब्ध होगी।
प्रतिष्ठित रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 की लिमिटेड-एडिशन रेप्लिका को विदेशों में भी निर्यात किया जाएगा। साथ ही रॉयल एनफील्ड परिवार के और कई मॉडल भी इस रास्ते को अपनाते हुए देखे जा सकेंगे। यानी जल्द ही एक मिनी इंटरसेप्टर और कॉन्टिनेंटल जीटी को भी पेश किए जाने उम्मीद की जा सकती है।