हाल के दिनों में भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की कई नई खबरें सामने आई हैं। गुरुवार को ही एक Tata Nexon EV में आग लगने की घटना सामने आई जिसका वीडियो वायरल हो गया था। अब मैंगलुरू में एक ओकिनावा डीलरशिप में आग लगने की एक नई घटना इंटरनेट पर वायरल हो गई है। कुछ दिनों पहले भी ओकिनावा की एक अन्य डीलरशिप में आग लगने की घटना हो चुकी है।
अप्रैल में चेन्नई में एक ओकिनावा ऑटोटेक डीलरशिप में आग लग गई थी और कंपनी ने बाद में इस मामले में 'इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट' को जिम्मेदार ठहराया था। और अब इस घटना के कुछ ही महीनों के भीतर, एक वायरल वीडियो में ओकिनावा की एक अन्य डीलरशिप आग की लपटों में घिरी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, इस बार आग की लपटों इतनी विकराल नजर आ रही हैं कि उन पर काबू पाना काफी मुश्किल हो सकता है। साथ ही, घटना की कुछ अन्य तस्वीरों से पता चलता है कि आग के बाद डीलरशिप पूरी तरह से जलकर राख हो गई थी।
अमर उजाला ने इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया के लिए वाहन निर्माता से संपर्क किया है। लेकिन ओकिनावा के जवाब का अभी भी इंतजार है।
इससे पहले, जितेंद्र ईवी इलेक्ट्रिक स्कूटर की 40 यूनिट ले जा रहे एक पूरे डिलीवरी ट्रक में आग लग गई और जलकर राख हो गया। उस समय भी यह बात सामने आई थी कि ईवी में आग लगने के कारण यह घटना हुई थी। ऐसी ही अन्य घटनाओं में, प्योर ईवी इलेक्ट्रिक स्कूटर के की डीलर भी ईवी के अंदर बैटरी में खराबी का आरोप लगा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के लालगंज में एक डीलरशिप के मालिक विवेक रंजन का कहना है कि, "बैटरी के साथ भी समस्याएं हैं। एक ग्राहक ने ड्राइविंग रेंज में गिरावट के बारे में शिकायत करते हुए हमें एक बैटरी वापस कर दी थी। मेरे शोरूम में बैटरी फट गई और आग लग गई। सौभाग्य से, मेरा स्टाफ सुरक्षित था।"
इस बीच, ओकिनावा ऑटोटेक ने देश में अपनी तीसरी मैन्युफेक्चरिंग प्लांट को लॉन्च किया है। इसकी लेटेस्ट 'मेगा फैक्ट्री' राजस्थान के करौली में स्थित है।