एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में कथित तौर पर आग लगने की वजह से तमिलनाडु में Okinawa Autotech (ओकिनावा ऑटोटेक) की एक डीलरशिप जलकर स्वाहा हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में 17 इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि, कंपनी की ओर से बताया गया कि इमारत के पैनल वायरिंग में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। डीलरशिप ने भी इसकी पुष्टि की है।
घटना की जांच शुरू
रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन पूरा शोरूम जलकर खाक हो गया। पिछले कुछ हफ्तों में ईवी से जुड़ी आग लगने की यह छठी घटना है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बैटरी चार्जिंग के दौरान लगी आग
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना तमिलनाडु के पोरुर-कुंदरातुर स्थित शोरूम की है। यहां एक ग्राहक अपनी ई-बाइक की बैटरी को चार्ज कर रहा था। चार्जिंग के दौरान इसमें कुछ ही देर बाद आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि देखते देखते पूरा शोरूम आग में घिर गया। इस मामले में 5 नए इलेक्ट्रिक स्कूटर और सर्विसिंग के लिए आए 12 पुराने इलेक्ट्रिक स्कूटर जल गए।
शोरूम हुआ खाक
घटना की तस्वीरों को देखने से पता चलता है कि आग कितनी भयंकर रही होगी। शोरूम से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरा मच गई। घटनास्थल पर इलाके के लोग जमा हो गए, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थित पैदा हो गई। पुलिस की दखल के बाद भीड़ को हटाया गया और ट्रैफिक को सामान्य कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी इंसान को नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन उससे पहले ही पूरा शोरूम जलकर खाक हो गया था।
कंपनी ने ई-स्कूटर किए रिकॉल
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ओकिनावा ने अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले Praise Pro (प्रेज प्रो) इलेक्ट्रिक स्कूटर के 3,215 यूनिट्स को स्वैच्छिक रूप से वापस मंगाया है। भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में किसी भी कंपनी द्वारा पहली बार स्वैच्छिक रिकॉल किया गया है। यह भारत में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं के लिए एक मिसाल कायम कर सकता है।
कंपनी करेगी ये जांच
इस स्वैच्छिक रिकॉल कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, ओकिनावा अपने सभी प्रेज प्रो स्कूटरों की जांच करेगी कि कहीं इनके कनेक्टर ढीले तो नहीं हैं। ईवी निर्माता कंपनी ने कहा कि यह जांच बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देशभर में उनके डीलरशिप पर की जाएगी। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "यह स्वैच्छिक अभियान हाल में थर्मल घटना के मद्देनजर और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के मुताबिक है।"
ईवी में आग की कई घटनाएं आईं सामने
पिछले एक पखवाड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं। आग की इन घटनाओं ने इलेक्ट्रिक वाहनों के संभावित और मौजूदा यूजर्स के मन में आशंका पैदा की है। खास तौर से इलेक्ट्रिक स्कूटर के ग्राहकों के मन में ज्यादा सवाल होंगे क्योंकि ईवी सेगमेंट में इलेक्ट्रिक स्कूटर काफी समय से भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्रांति का नेतृत्व कर रहे हैं। हाल ही में ईवी में आग लगने की घटनाओं में Ola Electric (ओला इलेक्ट्रिक), Pure EV (प्योर ईवी) और Jitendra EV Tech (जितेंद्र ईवी टेक) के वाहन भी शामिल हैं।
सरकार ने दिए जांच के आदेश
इन घटनाओं के सामने आने के बाद नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा था कि इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनियों को संबंधित बैच के वाहनों को वापस मंगानी चाहिए। सरकार ने इन मामलों पर सफाई के लिए ओला इलेक्ट्रिक और ओकिनावा ऑटोटेक की टेक्निकल टीम को तलब भी किया था। सेंटर फॉर फायर एक्सप्लोसिव एंड एनवायरनमेंट एजेंसी (CFEEA) को उन परिस्थितियों की जांच करने के लिए कहा गया था जिनके कारण ईवी में आग की घटनाएं हुईं हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने भी CFEEA से ऐसे उपाय सुझाने को कहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।