निसान इन दिनों फुल एक्शन मोड में है। हाल ही में कंपनी ने अपनी दमदार SUV 'Patrol' को भारत लाने का इशारा दिया था। इसके अलावा Xterra की वापसी, Skyline और इलेक्ट्रिक Juke जैसी कई कारों की झलक दिखाकर कंपनी ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। अब निसान बीजिंग ऑटो शो में एक बिल्कुल नई और रफ-एंड-टफ ऑफ-रोड SUV का कॉन्सेप्ट पेश करने जा रही है। यह कार दिखाएगी कि निसान की भविष्य की गाड़ियां डिजाइन और तकनीक के मामले में कितनी एडवांस होने वाली हैं।
कैसा है इस नई SUV का लुक और डिजाइन?
भले ही इस कार का नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसके टीजर को देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह एक पक्की एडवेंचर कार है। इस SUV का डिजाइन पुराने और क्लासिक ऑफ-रोडर की तरह चौकोर रखा गया है, जो इसे एक बेहद मस्कुलर और दमदार लुक देता है। इसे पूरी तरह से खराब रास्तों के लिए तैयार किया गया है। इसके लिए इसमें ऊंचा सस्पेंशन और मोटे 'ऑल-टेरेन' टायर दिए गए हैं।
कार के लुक को और भी आकर्षक बनाने के लिए इसके बोनट और छत पर खास तरह की लाइट्स लगाई गई हैं। वहीं, सामने की तरफ चौकोर LED लाइट्स और चमकता हुआ निसान का लोगो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देता है। इसके अलावा, ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर बेहतर ऑफ-रोडिंग के लिए इसके फ्रंट बंपर के किनारों को थोड़ा छोटा किया गया है और चारों फेंडर्स पर मार्कर लाइट्स दी गई हैं।
हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक की उम्मीद
भले ही निसान ने अभी इसके इंजन और पावर को लेकर कोई तकनीकी जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह साफ कर दिया है कि यह कॉन्सेप्ट नई जनरेशन की 'इलेक्ट्रिक तकनीक' से लैस होगा। इसका सीधा मतलब है कि निसान की आने वाली धांसू ऑफ-रोड गाड़ियां या तो हाइब्रिड होंगी या फिर पूरी तरह से इलेक्ट्रिक (ईवी) हो सकती हैं।
निसान का फ्यूचर प्लान क्या है?
बीजिंग ऑटो शो में निसान सिर्फ यही कार नहीं, बल्कि एक और कॉन्सेप्ट कार भी पेश करेगा जो खासतौर पर शहर की सड़कों के लिए डिजाइन की गई है। इन दोनों कारों से यह साफ हो जाता है कि निसान अब अपना पूरा फोकस SUV सेगमेंट पर कर रहा है- चाहे वो पहाड़ों पर दौड़ने वाली हार्डकोर ऑफ-रोडर हों या फिर शहर में चलने वाली शानदार क्रॉसओवर। रिपोर्ट्स की मानें तो निसान अपने कई पुराने और मशहूर मॉडल्स को भी एक नए, दमदार और एडवेंचरस अवतार में वापस लाने की तैयारी कर रहा है।