राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) ने सोमवार को कहा कि वह गंभीर इंजन समस्याओं की खबरें मिलने के बाद 14 लाख होंडा वाहनों की जांच शुरू कर रहा है। नवंबर 2023 में होंडा ने संयुक्त राज्य अमेरिका में 3.5 लीटर V6 इंजन वाले 2,49,000 वाहनों को वापस मंगाया था। क्योंकि जापानी वाहन निर्माता ने कहा था कि इंजन क्रैंकशाफ्ट में मैन्युफेक्चरिंग की खराबी के कारण कनेक्टिंग रॉड बेयरिंग समय से पहले खराब हो सकती है और बंद हो सकती है। जिससे इंजन फेल हो सकता है।
अमेरिकी ऑटो सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि उसके पास 2016-2020 मॉडल वर्षों से विभिन्न Honda (होंडा) और Acura (एक्यूरा) वाहनों में इस समस्या की 173 रिपोर्ट हैं। NHTSA (एनएचटीएसए) की जांच समस्या की गंभीरता को आंकलन करने और यह तय करने के लिए है कि क्या 2023 रिकॉल में शामिल नहीं किए गए वाहनों को भी कवर किया जाना चाहिए।
होंडा ने सोमवार को कहा कि उसे जांच के बारे में पता है और "इस विषय पर एजेंसी के साथ पहले से ही संपर्क में है और पूछताछ प्रक्रिया के जरिए एनएचटीएसए के साथ सहयोग करना जारी रखेगा।"
होंडा ने पहली बार 2020 में इस मुद्दे की जांच शुरू की और रिकॉल का एलान करने से पहले कई वर्षों तक इसकी जांच की।
ऑटोमेकर ने पिछले साल कहा था कि उसके पास रिकॉल से जुड़े 1,450 वारंटी दावे थे। रिकॉल के तहत, डीलर वाहनों की जांच कर रहे हैं। और जरूरत पड़ने पर इंजन की मरम्मत या रिप्लेसमेंट करेंगे।
NHTSA ने कहा कि सभी 173 रिपोर्ट "ऐसी नाकामियों को प्रदर्शित करती हैं जिनकी विशेषताएं 2023 के रिकॉल में संबोधित की गई विशेषताओं के अनुरूप हैं" लेकिन वे कवर नहीं की गई हैं।
जांच में 2016-2020 मॉडल वर्ष Acura MDX, 2018-2020 Acura TLX, 2016-2020 Honda Pilot, 2017-2019 Honda Ridgeline और 2018-2020 Honda Odyssey वाहन शामिल हैं।