देश भर के लाखों वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए BS6 मानक वाले वाहनों के मालिकों को अब हर साल अपना PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की झंझट से मुक्ति मिल गई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने एक संशोधित वैधता कार्यक्रम पेश किया है। जिसके तहत छह साल तक पुराने निजी BS6 वाहनों को अब सीधे तीन साल के लिए वैध PUC प्रमाणपत्र मिलेगा।
13 नवंबर 2026 को अधिसूचित किए गए ये बदलाव वाहन की उम्र, उसके उपयोग (निजी या कमर्शियल) और उत्सर्जन मानकों के आधार पर अलग-अलग रिन्यूअल अवधि तय करते हैं। ये नियम मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत अधिसूचित केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 का हिस्सा हैं। और आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही प्रभावी हो गए हैं।
नए नियमों के तहत निजी और कमर्शियल BS6 वाहनों के लिए PUC की वैधता कितनी होगी?
संशोधित नियमों के मुताबिक, BS6-अनुपालक वाहनों की रिन्यूअल आवृत्ति इस बात पर निर्भर करेगी कि वे निजी उपयोग के लिए पंजीकृत हैं या परिवहन (कमर्शियल) उपयोग के लिए, साथ ही वाहन कितना पुराना है:
-
निजी BS6 वाहनों के लिए नियम: छह साल तक पुराने निजी BS6 वाहनों के लिए PUC की वैधता अब तीन साल होगी। वहीं, छह से 10 साल के बीच की उम्र वाले निजी वाहनों को हर साल (1 वर्ष) रिन्यूअल कराना होगा। जबकि 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर छह महीने में नया सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा।
-
कमर्शियल BS6 वाहनों का शेड्यूल: परिवहन या कमर्शियल वाहनों के लिए थोड़ा अलग शेड्यूल तय किया गया है। छह साल तक पुराने BS6 कमर्शियल वाहनों के सर्टिफिकेट की वैधता दो साल होगी। छह साल से अधिक और 10 साल तक की उम्र वाले कमर्शियल वाहनों के लिए यह वैधता घटकर एक साल रह जाएगी, जबकि 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में नया प्रमाणपत्र प्राप्त करना जारी रखना होगा।
पुराने BS1, BS2, BS3 और BS4 वाहनों के लिए PUC वैधता में क्या बदलाव किया गया है?
संशोधित ढांचे में पुराने उत्सर्जन मानकों पर चलने वाले वाहनों पर सख्ती बरतते हुए उनकी सर्टिफिकेट वैधता को कम रखा गया है, जो पहले की तुलना में एक बड़ा बदलाव है:
-
BS-I, BS-II और BS-III वाहन: इन पुराने मानकों के अनुरूप चलने वाले वाहनों को अब केवल तीन महीने के लिए वैध PUC प्रमाणपत्र मिलेगा। पहले इन वाहनों के लिए यह वैधता छह महीने की हुआ करती थी।
-
BS-IV वाहन: बीएस-4 वाहनों के लिए अब PUC की वैधता अवधि छह महीने तय की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले BS-VI और BS-IV- दोनों श्रेणी के वाहनों की PUC वैधता एक समान 12 महीने होती थी। चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो या उनका उपयोग निजी व परिवहन किसी भी उद्देश्य के लिए किया जा रहा हो।
PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की तारीख और पुराने सर्टिफिकेट को लेकर क्या नए नियम बनाए गए हैं?
संशोधित प्रावधानों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि रिन्यू किया गया प्रमाणपत्र किस तारीख से प्रभावी माना जाएगा, ताकि वाहन मालिकों के बीच कोई भ्रम न रहे:
-
अंतिम 10 दिनों में आवेदन करने पर फायदा: यदि कोई वाहन मालिक अपने मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त होने के अंतिम 10 दिनों के भीतर रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पिछले सर्टिफिकेट की समाप्ति तिथि से ही प्रभावी होगा।
-
वैधता समाप्त होने के बाद आवेदन: यदि सर्टिफिकेट की अवधि समाप्त होने के बाद आवेदन किया जाता है, तो उसकी वैधता की गणना वास्तविक रिन्यूअल तिथि से की जाएगी।
-
पहले से जारी सर्टिफिकेट्स की स्थिति: इन संशोधनों के लागू होने से पहले जारी किए गए सभी PUC प्रमाणपत्र अपने अगले रिन्यूअल तक अपनी मौजूदा वैधता अवधि के तहत ही मान्य बने रहेंगे।