: हम में से ज्यादातर लोग कार के केबिन और स्पेस का फायदा उठाने के लिए उसमें अपनी जरूरत का सामान भी रख देते हैं, या फिर उसे कौन ले जाए, ये सोचकर छोड़ देते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार ऐसा करना फायदे से ज्यादा नुकसान दायक साबित हो सकता है। बंद कार के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले काफी तेजी से बढ़ता है, जो कई चीजों को खराब या खतरनाक बना देतो है।
1. दवाइयां: गर्मी से खत्म हो सकता है असर
अधिकतर दवाइयों को कमरे के सामान्य तापमान में रखने की सलाह दी जाती है। जब कार धूप में खड़ी रहती है, तो उसके अंदर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे में दवाइयों के रासायनिक गुण प्रभावित हो सकते हैं और उनका असर कम या पूरी तरह खत्म हो सकता है। ऐसी दवा लेने से उम्मीद के अनुसार फायदा नहीं मिलता है।
2. लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
कार में लैपटॉप, मोबाइल, पेन ड्राइव या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छोड़ना दोहरी परेशानी बन सकता है। एक तरफ तो यह महंगे गैजेट्स चोरों के लिए आसान निशान बन जाते हैं, वहीं दूसरी ओर अत्यधिक गर्मी इनके मदरबोर्ड, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे डिवाइस खराब होने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
3. सनस्क्रीन: गर्मी में बेअसर हो सकती है
सनस्क्रीन को भी ज्यादा तापमान से बचाकर रखना चाहिए। कार के अंदर की गर्मी इसके एक्टिव इंग्रीडिएंट्स को प्रभावित कर सकती है, जिससे इसकी प्रभावशीलता कम हो जाती है। कई बार ट्यूब या बोतल फट जाती है, जिससे कार की सीटें और इंटीरियर भी खराब हो सकते हैं।
4. प्लास्टिक की पानी की बोतल
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि धूप में रखी प्लास्टिक की बोतल के अंदर का पानी सुरक्षित नहीं माना जाता है। ज्यादा तापमान होने पर प्लास्टिक से निकलने वाले कुछ केमिकल्स और माइक्रोप्लास्टिक पानी में मिल सकते हैं। ऐसा पानी पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है और बीमारियों का जोखिम बड़ा सकता है।
5. हैंडबैग, पर्स और मोबाइल
कई लोग कैरी न करना पड़ा, इसलिए कार पार्क करने के बाद पर्स, बैग या मोबाइल सीट पर ही छोड़ देते हैं। यह चाेरों का सबसे निशाना बन सकता है। कई मामलों में चोर कार का शीशा तोड़कर कुछ ही सेकंड में कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं, इसलिए ऐसे सामान को हमेशा अपने साथ रखें या जरूरत हो तो डिक्की में सुरक्षित रखें।
कार पार्क करते समय रखें इन बातों का ध्यान
- कार में किसी भी जरूरी या संवेदनशील सामान को लंबे समय तक छोड़ने से बचें। खासकर गर्मियों में कार के अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है, जिससे सामान खराब होने का खतरा रहता है।
- वहीं, कीमती वस्तुएं चोरी की वजह भी बन सकती हैं। छोटी-सी सावधानी आपकी सेहत, जेब और कार तीनों को सुरक्षित रख सकती है।