देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु के शनिवार सुबह 8 बजे आम जनता के लिए खुलने के बाद से लगभग 80,000 वाहनों ने इसका इस्तेमाल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 12 जनवरी को इसका लोकार्पण किया। हालांकि, कुछ वाहन चालकों के बेताबी भरे कार्यों ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई है।
लोगों को पुल पर सेल्फी लेते, समुद्र के नजारे का आनंद लेने के लिए पुल पर रुकते और यहां तक कि उन क्षेत्रों तक पहुंचने की कोशिश करते हुए देखा गया है जो लोगों के लिए खतरनाक हो सकते हैं। साथ ही कुछ लोग कूड़ा-करकट फैला रहे हैं। इनकी तस्वीरें, वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर भरे पड़े हैं।
सोमवार देर शाम, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक संदेश में मुंबई पुलिस ने कहा, "हम सहमत हैं कि अटल सेतु निश्चित रूप से देखने लायक है। लेकिन उस पर रुकना और तस्वीरें लेना भी अवैध है।"
पुलिस ने मोटर चालकों को चेतावनी दी, "यदि आप एमटीएचएल पर रुकते हैं तो आप पर एफआईआर दर्ज होगी।"
अटल सेतु
- फोटो : ANI
शनिवार को कुल 24,083 वाहनों ने समुद्री पुल का इस्तेमाल किया, जबकि दूसरे दिन यह आंकड़ा 55,367 था। मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकास प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया। मुंबई में सीवरी को पड़ोसी रायगढ़ में चिरले से जोड़ने वाले 21.8 किलोमीटर के समुद्री पुल पर न्यूनतम एक तरफ का टोल 250 रुपये है।
"@Rakesh_delivers" ने सोशल मीडिया X पर लिखा, "मेरे पूरे परिवार और मैंने आधुनिक भारत के एक और इंजीनियरिंग चमत्कार, #AtalSetu, उर्फ #MTHL पर इस शानदार सवारी का आनंद लिया। मुंबई कभी इतनी सुंदर नहीं लगी; हम सोबो और नवी मुंबई के शानदार स्काईलाइन का यह नजारा कभी नहीं देख सकते थे! इस तरह के बुनियादी ढांचे के विकास से भारतीयों के रूप में हमारा दिल गर्व से भर जाता है।"
पनेल के रहने वाले वैभव बुवा, जो महानगर के लोअर परेल में एक विज्ञापन एजेंसी में काम करते हैं, ने कहा कि यह पुल उनके जैसे लोगों के लिए बनाया गया है, जिन्हें अन्यथा काम पर जाने के लिए "दुःस्वप्न ट्रैफिक" से गुजरना पड़ता था।
उन्होंने यह भी कहा कि टोल बूथों पर डिवाइडरों की कमी के कारण, महानगर की ओर से आने वाले कुछ कार मालिकों ने तस्वीरें लेने के लिए पुल पर यू-टर्न लिया।
हालांकि, बुवा ने नोट किया "पुल पर हर कोई खुश और उत्साहित था" और उन्होंने भी कुछ रील शूट किए।
अटल सेतु
- फोटो : Amar Ujala
कुछ मोटर चालकों ने पुल पर कूड़े-करकट, नियमों की अनदेखी, कुछ वाहनों द्वारा आपातकालीन लेन को ब्लॉक करना और सेल्फी के लिए बीच में रुकना की तस्वीरें साझा कीं।
"@AnIndianBoi" ने X पर लिखा, "अटल सेतु के उद्घाटन के ठीक एक दिन बाद, भारतीय इसका इस्तेमाल रोमांटिक गेटअवे के रूप में कर रहे हैं, भले ही इसे इस्तेमाल करने के लिए शुल्क हो। जरा सोचिए कि अगर यह पुल मुफ्त होता तो कितना उत्साह होता! यह सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के लिए बिल्कुल सही होता।"
हालांकि मुंबई पुलिस ने मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, ऑटो रिक्शा, मोपेड, जानवरों से खींचनेवाली गाड़ियों और अन्य धीमे चलने वाले वाहनों को समुद्री पुल पर प्रतिबंधित कर दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक ऑटोरिक्शा और मोटरसाइकिलों की कुछ तस्वीरें वायरल हो गईं।
मुंबई के निवासी सुहेल मर्चेंट ने X पर व्यंग्यात्मक रूप से लिखा, "जिस दिन भारत में #RoadSafety महीना शुरू होता है, उस दिन #MTHL पुल पर एक ऑटो रिक्शा देखा गया है; आप और क्या सोचते हैं कि पुल पर दिखाई देगा? a) ट्रैक्टर b) साइकिल c) मानसून के मौसम में मक्का बेचने का स्टॉल।"
अटल सेतु
- फोटो : सोशल मीडिया
कुछ दंपतियों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे पुल की सीढ़ी पार कर एक व्यूइंग प्लेटफॉर्म पर जाते दिखाई दे रहे हैं। इस खतरनाक गतिविधि के लिए कई नेटिजनों ने पुलिस से मामला दर्ज करने की मांग की।
जब आपातकालीन लेन को अवरुद्ध करने वाली कारों का वीडियो सामने आया, तो "Mumbai Rain's" नाम के एक यूजर ने X पर लिखा, "क्या बकवास है! ऐसा नहीं होना चाहिए! सरकारी अधिकारी, कृपया इन कारों पर कार्रवाई करें!"
हालांकि, कुछ नेटिजनों ने यह भी कहा कि इस तरह के काम पुल की नवीनता और आसपास के दृश्यों, जैसे तेल रिफाइनरियों और बंदरगाह संचालन को देखने के कारण हो सकते हैं, जहां आम लोगों का पहुंचना नामुमकिन होता है। उनका मानना है कि जैसे ही नयापन कम होगा, सामान्य यातायात व्यवहार वापस आ जाएगा।
MMRDA ने X पर एक अपील में कहा, "भारत के सबसे लंबे समुद्री पुल पर 100 किमी प्रति घंटे की गति सीमा के साथ गाड़ी चलाने का आनंद लें। आपकी सुरक्षा के लिए, हम पुल पर सेल्फी लेने के लिए रुकने की सलाह नहीं देते हैं। जिम्मेदारी से ड्राइव करें और यात्रा का आनंद लें।"
मुंबई पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि पहले दिन 122 वाहनों के खिलाफ और रविवार रात 42 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।