Maruti Suzuki India Limited (मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड) ने एलान किया है कि उन्होंने Invicto (इनविक्टो) एमपीवी की बुकिंग शुरू कर दी है। शुरूआत में इस एमपीवी का नाम एंगेज बताया जा रहा था, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक इस एसयूवी का नाम इनविक्टो हो सकता है। नई एमपीवी निर्माता का फ्लैगशिप उत्पाद होगा। यानी यह कार मारुति के लाइनअप में सबसे महंगा वाहन होगा। मारुति सुजुकी इनविक्टो को 5 जुलाई को पेश करेगी। यह टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस को टक्कर देगी, जिसके साथ यह अपना प्लेटफॉर्म साझा करती है। दिलचस्प बात यह है कि, टोयोटा इनविक्टो का निर्माण और आपूर्ति मारुति सुजुकी को करेगी और इसे मारुति के प्रीमियम नेक्सा डीलरशिप के जरिए बेचा जाएगा।
बुकिंग डिटेल्स
मारुति सुजुकी इनविक्टो एमपीवी को खरीदने के इच्छुक ग्राहक 25,000 रुपये की राशि का भुगतान कर इसकी बुकिंग कर सकते हैं। ग्राहक इसे मारुति सुजुकी की वेबसाइट या डीलरशिप की नेक्सा डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं।
इंजन पावर और गियरबॉक्स
Maruti Suzuki Invicto में 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन होगा जो दो कॉन्फिगरेशन, हाइब्रिड और नॉन-हाइब्रिड में बेचा जाएगा। नॉन-हाइब्रिड इंजन 171 बीएचपी का पावर और 205 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। यह एक CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आएगा। जबकि इंजन का हाइब्रिड वर्जन 183 बीएचपी का पावर उत्पादन करेगा और इसे एक eCVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा जाएगा।
Maruti MPV Teaser
- फोटो : Maruti Suzuki
लुक और डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो, यह उम्मीद की जाती है कि मारुति सुजुकी बंपर और ग्रिल में बदलाव करेगी ताकि इनविक्टो का लुक इनोवा हाइक्रॉस से अलग किया जा सके। एक संभावना यह भी है कि निर्माता हेडलैंप और टेल लैंप एलिमेंट्स में कुछ बदलाव करे। इंटीरियर की बात करें तो, इनविक्टो एक अलग अपहोलस्ट्री और थोड़े अलग फीचर्स लिस्ट के साथ आ सकती है। हालांकि, अभी तक मारुति सुजुकी ने इसकी कोई पुष्टि नहीं की है।
फीचर्स
नई एमपीवी को 7 और 8-सीटर कॉन्फिगरेशन में बेचे जाने की उम्मीद है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी एक अलग वैरिएंट लाइन-अप का इस्तेमाल कर सकती है। फीचर्स की बात करें तो, Maruti Suzuki Invicto में एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ एक टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एक डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, LED हेडलैम्प्स और टेल लैंप्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, एक पैनोरमिक सनरूफ और बहुत सारे फीचर्स मिल सकते हैं।
कितनी होगी कीमत
इनविक्टो मारुति सुजुकी का नया फ्लैगशिप वाहन होगा, लिहाजा इसे लाइन-अप में ग्रैंड विटारा के ऊपर पोजिशन किया जाएगा। ग्रैंड विटारा को भी टोयोटा के साथ मिलकर विकसित किया गया है और टोयोटा इसे अर्बन क्रूजर हाइराइडर के नाम से बेचती है। Maruti Suzuki Invicto की कीमतों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। हालांकि, Toyota Innova Hycross की कीमत 18.55 लाख रुपये से शुरू होकर 29.99 लाख रुपये तक जाती है। दोनों कीमतें एक्स-शोरूम हैं। इनविक्टो की कीमत भी इसी रेंज में रहने की उम्मीद है।