पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक चलते ट्रैक्टर पर स्टंट करते समय एक व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा शनिवार को एक ग्रामीण खेल मेले के दौरान हुआ। कथित तौर पर सुखमनदीप सिंह ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, जबकि वाहन अपने दो पिछले पहियों पर था।
यह घटना इस बात की ओर शिद्दत से ध्यान खींचती है कि क्यों स्टंट भयानक रूप से गलत हो सकता है, भले ही कितनी अच्छी तरह से इसका अभ्यास किया गया हो। 29 वर्षीय सुखमनदीप ने ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश की, जब वह अपने दो पिछले पहियों पर टिका हुआ था और उसका इंजन चालू था। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वह फिसल गया और ट्रैक्टर से कुचलने से पहले नीचे कीचड़ भरी जमीन में गिर गया। पूरी घटना को क्षेत्र में मौजूद दर्शकों ने कैमरे पर रिकॉर्ड कर लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक घायल सुखमनदीप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने वहां दम तोड़ दिया।
किसी भी प्रकार के वाहनों का इस्तेमाल करके किए गए स्टंट, यहां तक कि सावधानीपूर्वक पर्यवेक्षण के तहत किए गए स्टंट भी, बेहद जोखिम भरे हो सकते हैं। और ये सबसे खराब मामलों में गंभीर चोट या यहां तक कि मौत का कारण बन सकते हैं। जबकि फिल्में अक्सर ऐसे स्टंट सीन को फिल्माती हैं और उसका महिमामंडन करती हैं। और युवाओं पर गहरा असर डालती हैं, जिसके वे असल जिंदगी में भी ऐसी फिल्मी सीन को दोहराते देखे जा सकते हैं। लेकिन ऐसी स्टंटबाजी से पूरी तरह बचना ही सबसे अच्छा है।