महिंद्रा ने एलान किया है कि वह हाल ही में लॉन्च की गई अपनी नई इलेक्ट्रिक कार BE 6e (बीई 6ई) का नाम बदलकर BE 6 (बीई 6) कर देगा। क्योंकि एयरलाइन कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड ने 6ई नाम टैग के ब्रांड अधिकारों पर आपत्ति जताई है। महिंद्रा ने कहा कि हालांकि, उत्पाद को बीई 6ई के रूप में चिह्नित किया गया है, न कि सिर्फ 6ई के रूप में, जिसके लिए इंटरग्लोब ने मुद्दा उठाया है। फिर भी वे "एक विचलित करने वाले और गैर-जरूरी संघर्ष" में शामिल नहीं होना चाहते हैं।
इंडिगो एयरलाइन
- फोटो : ANI
'अस्वस्थ मिसाल कायम होगी'
वाहन निर्माता ने अपने बयान में यह भी कहा है कि वह अदालत में इस मामले को मजबूती से लड़ता रहेगा। और BE 6e ब्रांड नाम पर अपना अधिकार सुरक्षित रखेगा। महिंद्रा ने जिक्र किया कि उसका मानना है कि इंडिगो का दावा निराधार है और अगर इसे चुनौती नहीं दी गई तो अल्फा-न्यूमेरिक 2-अक्षर चिह्नों पर एकाधिकार करने की अस्वस्थ मिसाल कायम होगी।
महिंद्रा BE 6e: ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया गया
महिंद्रा ने अपने इलेक्ट्रिक-ओरिजिन एसयूवी पोर्टफोलियो के एक हिस्से के रूप में BE 6e के लिए क्लास 12 (वाहन) के तहत ट्रेडमार्क पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। BE मार्क पहले से ही महिंद्रा के साथ क्लास 12 में पंजीकृत है और यह BE 6e को आधार देने वाले 'बॉर्न इलेक्ट्रिक' प्लेटफॉर्म का प्रतीक है।
Mahindra BE 6e
- फोटो : Mahindra
महिंद्रा BE 6e: इसमें क्या है खास
महिंद्रा BE 6e को महिंद्रा INGLO आर्किटेक्चर पर बनाया गया है। जो 59 kWh या 79 kWh यूनिट सहित दो अलग-अलग बैटरी पैक ऑप्शंस को सपोर्ट करता है। पैक में लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) केमिस्ट्री है। और महिंद्रा का दावा है कि यह 175 kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके सिर्फ 20 मिनट में 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है।
बैटरी पावर और रेंज
59 kWh बैटरी पैक की रेंज अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन ARAI द्वारा किए गए परीक्षण के अनुसार 79 kWh बैटरी पैक 682 किलोमीटर की रेंज प्रदान करने का दावा करता है। छोटा बैटरी पैक 228 bhp का पावर जेनरेट करता है, जबकि बड़ा 79 kWh बैटरी पैक वर्जन 278 bhp का पावर जेनरेट करता है। दोनों वर्जन 380 Nm का टॉर्क आउटपुट देते हैं।
फीचर्स
एसयूवी के अन्य फीचर्स में 16-स्पीकर म्यूजिक सिस्टम, ऑटोमैटिक पार्किंग फंक्शन, एडीएएस सूट, 360-डिग्री कैमरा और ड्राइवर डिस्प्ले और इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए दो 12.3-इंच डिस्प्ले शामिल हैं।
महिंद्रा BE 6e: कीमत
महिंद्रा BE 6e की शुरुआती कीमत 18.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। अन्य वेरिएंट्स की कीमत के बारे में निर्माता द्वारा अभी और जानकारी दी जानी बाकी है।