मुंबई में बुधवार, 25 दिसंबर की देर रात एक Lamborghini (लेम्बोर्गिनी) लग्जरी कार में आग लग गई। यह घटना कोस्टल रोड पर रात करीब 10:20 बजे हुई जब लेम्बोर्गिनी रेवुल्टो लग्जरी कार से धुआं निकलता देखा गया। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने शेयर किया है, जो इतालवी लग्जरी कार निर्माता द्वारा बेचे जाने वाले वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से आलोचनात्मक रहे हैं।
करोड़ों की कार में आग
वीडियो में नारंगी रंग की Lamborghini Revuelto (लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो) में आग लगी हुई दिखाई दे रही है। जबकि एक व्यक्ति हौजपाइप से आग बुझाने की कोशिश कर रहा है। दमकल की मदद से 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेवुएल्टो लेम्बोर्गिनी के भारत पोर्टफोलियो में सबसे महंगी लग्जरी कारों में से एक है, जिसकी कीमत 8.89 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है।
सिंघानिया ने शेयर किया वीडियो
सिंघानिया ने लेम्बोर्गिनी की लग्जरी कारों के बारे में सुरक्षा संबंधी चिंताएं उठाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया। उन्होंने लिखा, "इस तरह की घटनाएं लेम्बोर्गिनी की विश्वसनीयता और सुरक्षा मानकों के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं। कीमत और प्रतिष्ठा के लिए, कोई भी समझौता न करने वाली गुणवत्ता की उम्मीद करता है - संभावित खतरों की नहीं।" अपने शानदार कार कलेक्शन के लिए जाने जाने वाले सिंघानिया ने पहले भी इसी मॉडल की टेस्ट ड्राइव के दौरान चिंताएं जताई थीं और इस मुद्दे के बारे में शिकायत की थी।
सिंघानिया का लेम्बोर्गिनी रेवुल्टो चलाने का अनुभव
इस साल अक्तूबर में सिंघानिया ने लेम्बोर्गिनी रेवुल्टो चलाने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुंबई के ट्रांस-हाबर लिंक रोड पर हुई घटना को उजागर करने से 15 दिन पहले ही इस सुपरकार की डिलीवरी ली थी। सिंघानिया ने कहा कि ड्राइव के दौरान लग्जरी कार में इलेक्ट्रिकल खराबी आ गई, जिससे वह फंस गए। सिंघानिया ने कहा कि जब उन्होंने यह मुद्दा उठाया तो लेम्बोर्गिनी इंडिया या उसके एशिया डिवीजन से किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया।
लग्जरी कार निर्माताओं के साथ सिंघानिया का पिछला विवाद
सिंघानिया ने पहले भी भारत में अन्य लग्जरी कार निर्माताओं के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली थी, जिसमें Maserati (मासेराती) और Porsche (पोर्शे) जैसी कंपनियां शामिल थीं। पिछले साल, सिंघानिया ने Maserati MC20 (मासेराती एमसी20) कार खरीदने की सोच रहे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा था कि यह एक 'खतरनाक कार है और कोई इसमें खुदकुशी कर सकता है'। 2015 में, सिंघानिया ने पोर्शे पर निशाना साधा था, जब उद्योगपति योहन पूनावाला की 2011 Porsche Cayenne Turbo (पोर्शे कैयेन टर्बो) में मुंबई में आग लग गई थी।
गौतम सिंघानिया का लग्जरी कार कलेक्शन
सिंघानिया के पास कई परफॉरमेंस गाड़ियां हैं, जिनमें Maserati MC20, Lotus Elise (लोटस एलीस), Pontiac Firebird Transam (पोंटिएक फायरबर्ड ट्रांसम), दो McLarens (मैकलारेन) और कई Ferrari (फेरारी) मॉडल शामिल हैं। उनके पास एक Lamborghini Aventador SVJ (लेम्बोर्गिनी एवेंटाडोर SVJ) सुपरकार भी है।