बंगलूरू की सड़कों पर रफ्तार का रोमांच एक रईस मालिक को काफी महंगा पड़ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इसमें एक शानदार लैम्बोर्गिनी हुराकैन शहर के व्यस्त 'अनिल कुंबले सर्कल' (MG रोड) पर खतरनाक तरीके से 'ड्रिफ्ट' करती और 'डोनट्स' (गोल-गोल घूमना) बनाती दिख रही है।
यह पूरा मामला पिछले शनिवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच का है, जब बंगलूरू की सड़कें आमतौर पर शांत होती हैं। इसी सन्नाटे के बीच अनिल कुंबले सर्कल पर एक लैम्बोर्गिनी को खतरनाक तरीके से डोनट्स और स्टंट करते देखा गया। हालांकि उस वक्त ट्रैफिक कम था, लेकिन बीच चौराहे पर इस तरह की लापरवाही सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकती थी।
बंगलूरू की सड़कों पर जिस कार ने यह बवाल मचाया, वह कोई साधारण गाड़ी नहीं बल्कि लैम्बोर्गिनी हुराकैन टेक्निका है, जो अपनी बेमिसाल ट्रैक परफॉर्मेंस के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इस सुपरकार के बोनट के नीचे 5.2-लीटर का बेहद ताकतवर NA V10 इंजन है, जो इसे किसी भी साधारण कार से ज्यादा तेज और बेहतर बनाता है।
दिलचस्प बात यह है कि लैम्बोर्गिनी ने हाल ही में भारत में अपनी आखिरी V10 इंजन वाली 'हुराकैन टेक्निका' की डिलीवरी दी है। कंपनी अब तक भारत में इस मॉडल की कुल 252 यूनिट्स बेच चुकी है। कार्बन-फाइबर बॉडी और एडवांस एयरोडायनामिक्स वाली यह कार जितनी पावरफुल है, इसे चलाने के लिए उतनी ही जिम्मेदारी की भी जरूरत होती है।