Komaki Electric Vehicles (कोमाकी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स) इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों के लाइनअप के साथ बैटरी से चलने वाले टू-व्हीलर सेगमेंट में अपनी अच्छी-खासी मौजूदगी दर्ज कराती रही है। भारतीय बाजार में अपने परफॉर्मेंस को और रफ्तार देने के लिए, कंपनी अब भारत की पहली इलेक्ट्रिक क्रूजर बाइक Komaki Ranger (कोमाकी रेंजर) को लॉन्च करने के लिए तैयार है। कंपनी दावा कर रही है कि यह ई-बाइक एक बार फुल चार्जिंग के बाद 250 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है।
सबसे बड़ा बैटरी पैक
कोमाकी अपनी इस नई इलेक्ट्रिक क्रूजर बाइक रेंजर को अगले साल जनवरी में आधिकारिक रूप लॉन्च से लॉन्च करेगी। लेकिन इस बाइक के आधिकारिक रूप से प्रदर्शित होने से पहले ही, कंपनी बड़े-बड़े वादे कर रही है। रेंजर इलेक्ट्रिक क्रूजर में चार किलोवाट की बैटरी मिलेगी, जो देश में इलेक्ट्रिक टू व्हीलर में सबसे बड़ा बैटरी पैक होगा। यह पावरफुल बैटरी की वजह से ही कंपनी अपने इस विशेष उत्पाद की रेंज को लेकर यह वादा कर रही है। इस बैटरी के पावर को लेकर कहा जा रहा है कि यह फुल चार्जिंग पर दिल्ली से चंडीगढ़ की यात्रा करने के लिए काफी होगी।
फीचर्स और कीमत
Komaki Ranger Electric Cruiser Bike Teaser
- फोटो : Komaki
शानदार फीचर्स
कोमाकी रेंजर में 5,000 वॉट की मोटर होगी, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि यह कई तरह के इलाकों में शानदार परफॉर्मेंस देगी। इसके अलावा, यह क्रूजर इलेक्ट्रिक बाइक में क्रूज कंट्रोल, रिपेयर स्विच, रिवर्स स्विच, ब्लूटूथ और एक एडवांस्ड ब्रेकिंग सिस्टम जैसे फीचर्स से लैस होगी।
कितनी होगी कीमत
हालांकि कोमाकी रेंजर के आधिकारिक तौर पर लॉन्च किए जाने के बाद ही इसकी कीमत के बारे में पता चलेगा। लेकिन कंपनी अपनी आनेवाली ई-बाइक को जनता तक ले जाने के लिए एक किफायती कीमत का वादा कर रही है। कोमाकी इलेक्ट्रिक डिवीजन के निदेशक गुंजन मल्होत्रा ने कहा, "कुछ चीजें हैं जिन्हें अंतिम रूप दिया जाना बाकी है, लेकिन हमने कीमत सस्ती रखने का फैसला किया है। हम चाहते हैं कि हर कोई - विशेष रूप से आम आदमी - भारत में बने एक गुणवत्ता वाले क्रूजर की सवारी करने की खुशी का अनुभव करे।"
कोमाकी इस समय भारतीय बाजार में कई इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की बिक्री करती है। जिनकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 30,000 रुपये से लेकर एक लाख रुपये के बीच है।