अगर आप एक स्टाइलिश बाइक चलाने के शौकीन हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। कावासाकी ने बंगलूरू में आयोजित एक खास इवेंट में अपनी आगामी स्ट्रीटफाइटर बाइक Z300 का पहला लुक आधिकारिक तौर पर दिखा दिया है। कंपनी ने जेड सीरीज में यह भारत की सबसे किफायती और एक्सेसिबल (सुगम) मोटरसाइकिल बन सकती है, जो सीधे बड़ी Z900 से प्रेरित है। इसकी शार्प सुगोमी (Sugomi) स्टाइलिंग और एग्रेसिव रोडस्टर स्टांस इसे सड़क पर एक अलग ही पहचान दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी बुकिंग 19 अक्तूबर से शुरू होगी, जबकि कीमत और स्पेसिफिकेशंस की जानकारी 20 अक्तूबर काे सामने आ सकती है।
Kawasaki Z300 का डिजाइन कैसा है?
कावासाकी Z300 को कंपनी की बड़ी Z सीरीज की डिजाइन फिलॉसफी पर तैयार किया गया है। इसमें शार्प बॉडीवर्क और अग्रेसिव रोडस्टर स्टांस मिलने की उम्मीद है। इसका लुक Z900 जैसी बड़ी बाइक से प्रेरित है, लेकिन यह छोटे इंजन और ज्यादा किफायती कीमत वाले सेगमेंट को ध्यान में रखकर लाई जा रही है। भारत में यह कावासाकी की जेड सीरीज का सबसे एक्सेसिबल मॉडल बन सकती है। हालांकि, इसकी कीमत और पूरी डिजाइन डिटेल्स की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
इंजन और परफॉर्मेंस में क्या मिलेगा?
कावासाकी Z300 में निंजा 300 के साथ कई मैकेनिकल हिस्से साझा किए जाने की उम्मीद है। इनमें 296cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन भी शामिल हो सकता है।
Z300 के इंजन की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, अनुमान है कि इसकी पावर और टॉर्क Ninja 300 के समान हो सकते हैं। अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक, बाइक में 296cc का इंजन मिल सकता है, जो करीब 38.4bhp की पावर और 26.1Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है।
ध्यान दें कि ये आंकड़े निंजा 300 के आधार पर लगाए गए अनुमान हैं। Z300 की वास्तविक पावर और टॉर्क की पुष्टि कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।
सस्पेंशन, ब्रेक और व्हील्स
Kawasaki Z300 में सस्पेंशन और ब्रेकिंग के मामले में भी निंजा 300 से मिलते-जुलते हार्डवेयर मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी इनकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। संभावित सेटअप की बात करें तो बाइक में आगे कन्वेंशनल टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिल सकता है। इसके अलावा, इसमें 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए जाने की उम्मीद है। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे पेटल डिस्क ब्रेक्स मिल सकते हैं।
वहीं, सेफ्टी के लिहाज से डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड दिया जा सकता है। पेटल डिस्क ब्रेक्स का बाहरी किनारा लहरदार होता है। यह डिजाइन ब्रेकिंग के दौरान पैदा होने वाली गर्मी को संभालने में मदद कर सकता है।
डुअल-चैनल ABS अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों के लॉक होने की आशंका कम करता है। हालांकि, सस्पेंशन, ब्रेक और व्हील्स से जुड़ी इन जानकारियों की पुष्टि Kawasaki Z300 के आधिकारिक स्पेसिफिकेशन्स सामने आने के बाद ही होगी।
TFT डिस्प्ले समेत मिल सकते हैं नए फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो इसमें कावासाकी Z300, निंजा 300 से अलग हो सकती है। निंजा 300 में पुराने डिजाइन का सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसके मुकाबले नई Z300 में आधुनिक TFT डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है।
इस डिस्प्ले के साथ स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं। टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन में स्क्रीन पर रास्ते से जुड़े निर्देश दिखाई देते हैं, जिससे राइडर को सफर के दौरान दिशा समझने में मदद मिल सकती है। फिलहाल, TFT स्क्रीन और कनेक्टिविटी फीचर्स को लेकर कंपनी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कावासाकी Z300 की कीमत कितनी हो सकती है?
फिलहाल कावासाकी निंजा 300 की एक्स-शोरूम कीमत करीब 3.34 लाख रुपये है। Z300 में कम बॉडीवर्क होने के कारण इसकी कीमत निंजा 300 से कम रखे जाने की संभावना जताई जा रही है। अगर कंपनी इसकी कीमत तीन लाख रुपये से नीचे रखती है, तो यह एंट्री-लेवल ट्विन-सिलिंडर बाइक सेगमेंट में एक आकर्षक विकल्प बन सकती है। हालांकि, यह केवल संभावित कीमत का अनुमान है। बाइक की वास्तविक कीमत का एलान 20 अक्तूबर को होने की उम्मीद है।
कब शुरू हो सकती है बुकिंग?
फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, कावासाकी Z300 की बुकिंग 19 अक्तूबर 2026 से शुरू हो सकती है। इसके एक दिन बाद यानी 20 अक्तूबर को कंपनी इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशंस की घोषणा कर सकती है।