EV Charging Station: बंगलूरू में देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग हब शुरू किया है, जिसमें 210 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स और 4 मेगावाट से अधिक की चार्जिंग क्षमता है। यह भारत के EV इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देगा।
भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बंगलूरू में देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग हब शुरू किया गया है। यह हाई-टेक चार्जिंग हब कर्नाटक के बेगुरु, चिक्कनाहल्ली और बंदीकोडगेहल्ली अमणिकेरे इलाकों में स्थित है और EV इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में देश की सबसे एडवांस्ड सुविधाओं में से एक माना जा रहा है।
विज्ञापन
इस चार्जिंग हब में कुल 210 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स हैं, जिनमें 80 DC फास्ट चार्जर और 50 AC चार्जर शामिल हैं। इसके अलावा इसमें कुल 160 DC आउटलेट्स और 50 AC आउटलेट्स दिए गए हैं। यह देश में किसी एक स्थान पर मौजूद सबसे बड़ी चार्जिंग क्षमता है। इसकी कुल चार्जिंग पावर 4 मेगावाट से अधिक है, जो इसे भारत की सबसे ताकतवर EV चार्जिंग लोकेशन बनाती है।
24x7 चार्जिंग की सुविधा
यह चार्जिंग स्टेशन 24 घंटे और सातों दिन खुला रहेगा, जिससे EV मालिक कभी भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। यहां खासतौर पर फ्लीट व्हीकल्स, इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों को ध्यान में रखकर चार्जिंग पॉइंट्स बनाए गए हैं। एक सामान्य EV को यहां पर लगभग 35 से 45 मिनट में फुल चार्ज किया जा सकता है, हालांकि यह समय वाहन की क्षमता पर निर्भर करेगा।
विज्ञापन
सुविधाओं से लैस स्टेशन
चार्जिंग के दौरान यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के लिए यहां स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी, वेटिंग एरिया और बड़े वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्पेस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ट्रैफिक ब्लॉकेज और भीड़भाड़ की समस्या नहीं होगी।
EV इन्फ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा
भारत में EV चार्जिंग नेटवर्क की सीमित उपलब्धता इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता में सबसे बड़ी बाधा रही है। यह हब इस कमी को दूर करने की दिशा में एक मजबूत कदम है और भविष्य में देश के अन्य हिस्सों के लिए एक मॉडल की तरह कार्य कर सकता है।