भारतीय बाजार में ईवी की बढ़ती मांगों के बीच ह्यूंदै एक नई और किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की इस अपकमिंग ईवी काे फिलहाल HE1i कोडनेम से जाना जा रहा है। इसे ह्यूंदै आयोनिक पी नाम से बाजार में उतारे जाने की संभावना है। खास बात है कि यह भारत में ह्यूंदै की पहली कॉम्पैक्ट और सबसे किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी हो सकती है। कंपनी इसे भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है।
इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत दस लाख से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है। इसमें दो बैटरी पैक का विकल्प मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसका डिजाइन, नया इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म और कई आधुनिक फीचर्स इसे खास बना सकते हैं। अगर कंपनी तय समय पर इसे लॉन्च करती है तो यह 2027 में किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में एक नया विकल्प बन सकती है।
कब पेश हो सकती है ह्यूंदै आयोनिक P?
- ह्यूंदै आयोनिक P को 16 जनवरी 2027 को पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद इसे 2027 भारत ग्लोबल मोबिलिटी एक्सपो में पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाया जा सकता है। इस एक्सपो का आयोजन चार से नौ फरवरी 2027 तक होना है।
- वहीं, इसकी कीमतों का एलान ऑटो एक्सपो 2027 के दौरान किए जाने की संभावना है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को मार्च 2027 तक भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके नाम और लॉन्च की तारीख को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नए इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
- ह्यूंदै आयोनिक P की सबसे बड़ी खासियत इसका प्लेटफॉर्म हो सकता है। इसे कंपनी के ई-जीएमपी(K) डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। ह्यूंदै अपने ग्लोबल इलेक्ट्रिक मॉडल्स में इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती है। ह्यूंदै इंस्टर भी इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित है।
- यहां एक और खास बात है कि क्रेटा इलेक्ट्रिक के मुकाबले आयोनिक P को शुरुआत से ही इलेक्ट्रिक कार के तौर पर तैयार किया जा रहा है। यानी यह किसी पेट्रोल या डीजल कार का इलेक्ट्रिक वर्जन नहीं होगी। इसे खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कितनी हो सकती है कीमत?
- ह्यूंदै अपनी इस नई इलेक्ट्रिक कार को कंपनी की सबसे छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक कार के तौर पर पेश कर सकती है। भारतीय बाजार में इसे क्रेटा इलेक्ट्रिक से नीचे रखा जाएगा।
- इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत दस लाख से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है। अगर कीमत इसी दायरे में रहती है तो इसका मुकाबलाकिआ सिरोस ईवी, टाटा नेक्सन ईवी और महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से हो सकता है।
कैसी है डिजाइन?
- टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से ह्यूंदै आयोनिक P के डिजाइन की झलक मिली है। इसमें बॉक्सी और अपराइट स्टांस देखने को मिल सकता है। इसका लुक ह्यूंदै के ग्लोबल इलेक्ट्रिक मॉडल्स, खासकर इंस्टर ईवी से प्रेरित हो सकता है।
- इसके फ्रंट में फ्लैट और अपराइट नोज के साथ नीचे की तरफ एलईडी हेडलैंप दिए जा सकते हैं। इसके अलावा पिक्सल-स्टाइल एलईडी डीआरएल, स्पोर्टी बंपर, इंटीग्रेटेड एयर इनटेक और पार्किंग सेंसर मिलने की संभावना है।
- साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें ऊंची रूफलाइन, फ्लश-स्टाइल डोर हैंडल और प्रमुख रूफ रेल्स दी जा सकती हैं। बड़े ग्लास एरिया के साथ एयरो-ऑप्टिमाइज्ड डुअल-टोन अलॉय व्हील्स भी मिल सकते हैं। एसयूवी के आगे और पीछे छोटे ओवरहैंग दिए जाने की उम्मीद है। वहीं, पीछे की तरफ पिक्सल-प्रेरित एलईडी टेललैंप इसके डिजाइन को अलग पहचान दे सकते हैं।
टचस्क्रीन से लेकर एडीएएस तक मिल सकते हैं ये फीचर्स
- टेस्टिंग मॉडल में बीच में लगा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिखाई दिया है। माना जा रहा है कि यह भारत में ह्यूंदै की उन शुरुआती कारों में शामिल हो सकती है, जिनमें कंपनी का नया प्लिओस कनेक्ट इंटरफेस दिया जाएगा।
- इसके अलावा इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रियर एसी वेंट्स और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल भी दिया जा सकता है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें कई एयरबैग और लेवल 2 एडीएएस मिलने की संभावना है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक फीचर्स की पूरी सूची जारी नहीं की है।
दो बैटरी ऑप्शन के साथ आएगी इलेक्ट्रिक एसयूवी
- बैटरी और रेंज के मामले में ह्यूंदै आयोनिक P को दो विकल्पों के साथ पेश किया जा सकता है। इसमें स्टैंडर्ड रेंज और लॉन्ग रेंज बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों बैटरी पैक की क्षमता और इनसे मिलने वाली ड्राइविंग रेंज की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
- शुरुआत में ह्यूंदै की योजना एक्साइड एनर्जी से स्थानीय स्तर पर निर्मित बैटरी सेल लेने की थी, लेकिन सप्लाई टाइमलाइन में देरी की वजह से कंपनी ने इस योजना को छोड़ दिया है। अब दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता चीन की स्वोल्ट से बैटरी सेल आयात कर सकती है।
- इस तरह ह्यूंदै आयोनिक P के जरिए कंपनी किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है। इसकी कीमत, बैटरी विकल्प और फीचर्स सामने आने के बाद ही साफ होगा कि यह भारतीय बाजार में अपने प्रतिद्वंद्वियों को कितनी चुनौती दे पाएगी।