भारतीय कार बाजार में अब इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड गाड़ियों का दौर तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। ग्राहकों के इसी बदलते मिजाज को भांपते हुए दो दिग्गज कंपनियां किआ (Kia) और ह्यूंदै अपने खास मॉडल पेश करने की तैयारी में है। दोनों कंपनियां 2027 तक भारत में पांच नए हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मॉडल उतारने जा रही हैं। इस संभावित लिस्ट में कार्निवल हाइब्रिड, सेल्टोस हाइब्रिड, आयोनिक पी, नई क्रेटा हाइब्रिड और अपडेटेड क्रेटा इलेक्ट्रिक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यानी आने वाले समय में ग्राहकों के पास एक लग्जरी हाइब्रिड एमपीवी से लेकर बजट-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक एसयूवी तक चुनने के ढेरों विकल्प होंगे। इनमें से कुछ गाड़ियों की झलक पहले ही सामने आ चुकी है, जबकि बाकी पर काम चल रहा है। आइए जानते हैं भारतीय सड़कों पर उतरने वाले इन नए मॉडल्स में क्या कुछ खास रहने वाला है।
किआ-ह्यूंदै की पांच नई गाड़ियों में क्या खास होगा?
किआ और ह्यूंदै भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियां पेश करने की तैयारी में है। इन पांच नए मॉडल्स के जरिए कंपनी उन ग्राहकों को आकर्षित करना चाहती हैं, जो पेट्रोल-डीजल कारों के बजाय बेहतर माइलेज और ज्यादा रेंज वाले विकल्प तलाश रहे हैं। इन गाड़ियों में हाइब्रिड इंजन, इलेक्ट्रिक मोटर, नई बैटरी तकनीक और आधुनिक फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। आइए इन गाड़ियों के बारे में विस्तार से जानते हैं...
किआ कार्निवल हाइब्रिड: 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन
किआ इंडिया ने अपने नए कार्निवल लिमोसिन हाइब्रिड मॉडल के लिए प्री-बुकिंग शुरू करने की घोषणा कर दी है। इस लग्जरी एमपीवी में पेट्रोल और इलेक्ट्रिक, दोनों तरह के पावर सोर्स दिए गए हैं। फिलहाल सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हाइब्रिड मॉडल मौजूदा लिमोसिन प्लस (Limousine+) वेरिएंट में उपलब्ध हो सकता है।
- इंजन और पावर: इसमें 1.6-लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन लगा है, जो 180 bhp की पावर और 265 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर जोड़ी गई है, जो 73.4 bhp की पावर और 304 Nm का टॉर्क देती है।
- कुल आउटपुट: दोनों के मिलकर काम करने पर कुल 242 bhp की पावर और 367 Nm का टॉर्क मिलता है। पावर ट्रांसमिशन के लिए इसमें छह-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है।
किआ सेल्टोस हाइब्रिड: 178 bhp वाला स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन
दूसरी पीढ़ी की सेल्टोस हाइब्रिड को 12 अक्तूबर 2026 को पेरिस मोटर शो में दुनिया के सामने पेश किआ गया था।
- इंजन और ड्राइवट्रेन: इसके इंटरनेशनल मॉडल में 1.6-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो कुल 178 bhp की पावर पैदा करती है। वैश्विक मॉडल में 6-स्पीड DCT (डुअल-क्लच ट्रांसमिशन) और ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम मिलता है, हालांकि भारत आने वाले वर्जन में फ्रंट-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिए जाने की उम्मीद है।
- फीचर्स: इस एसयूवी में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, हेड-अप डिस्प्ले, पावर्ड टेलगेट और वायरलेस चार्जिंग जैसी प्रीमियम सुविधाएं शामिल हैं।
ह्यूंदै आयोनिक पी: किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी
साथ ही कंपनी एक नई सब-फोर-मीटर (4 मीटर से छोटी) इलेक्ट्रिक एसयूवीपर भी काम कर रही है, जिसका कोडनेम HE1i हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार का नाम आयोनिक P (Ioniq P) हो सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर इस नाम की पुष्टि नहीं की है। यह रिपोर्ट 29 अक्तूबर 2026 को कंपनी के तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजों की कॉन्फ्रेंस कॉल के बाद सामने आई थी।
- लॉन्च और रेंज: यह किफायती इलेक्ट्रिक SUV 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। इसकी रेंज 300 किमी से 450 किमी के बीच होने का अनुमान है, हालांकि बैटरी के सटीक स्पेसिफिकेशन्स अभी तय नहीं हुए हैं।
- फीचर्स: इसमें दो बैटरी पैक के विकल्प, आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम और सुरक्षा के लिए लेवल 2 एडीएएस (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) मिलने की उम्मीद है।
-
ह्यूंदै क्रेटा हाइब्रिड: नया 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन
2027 मॉडल ईयर के लिए ह्यूंदै अपनी सबसे खास एसयूवी क्रेटा का एक दमदार हाइब्रिड वर्जन तैयार कर रही है। तीसरी पीढ़ी (थर्ड-जनरेशन) की इस एसयूवी का कोडनेम एसएक्स5 है, जिसे भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान पहले ही देखा जा चुका है।
- प्लेटफॉर्म और इंजन: नई क्रेटा को के3 प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा, जिसका इस्तेमाल अगली पीढ़ी की किआ सेल्टोस में भी होगा। इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की संभावना है। कंपनी ने अभी पावर, बैटरी रेंज या माइलेज के सटीक आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है।
- इंटीरियर: इस SUV में नया इंटीरियर कंसोल, बड़ी प्लिओस कनेक्ट (Pleos Connect) टचस्क्रीन डिस्प्ले और पहले से बेहतर सेफ्टी फीचर्स मिल सकते हैं।
ह्यूंदै क्रेटा इलेक्ट्रिक: अपडेटेड डिजाइन और ज्यादा रेंज
भारत में टेस्टिंग के दौरान देखी गई क्रेटा इलेक्ट्रिक के साथ-साथ ह्यूंदै इसके एक बड़े अपडेट पर भी काम कर रही है। कई रिपोर्ट के अनुसार, इसके नए मॉडल में नया डैशबोर्ड, दो-स्पोक वाला स्टीयरिंग व्हील और ह्यूंदै का नया 'प्लिओस' (Pleos) इंफोटेनमेंट सूट देखने को मिल सकता है।
- बैटरी और रेंज: इस अपडेटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी में 42 kWh और 51.4 kWh की वही बैटरी क्षमताएं मिलने की संभावना है, लेकिन बेहतर तकनीक के चलते इसकी एफिशिएंसी और रेंज बढ़ सकती है। एमआईडीसी साइकिल के मुताबिक इसकी मौजूदा रेंज 510 किमी है।
- साथ में बाजार में ऐसी भी अटकलें हैं कि इसमें बड़ी बैटरी और 500 किमी से ज्यादा की 'रियल-वर्ल्ड' रेंज मिल सकती है, हालांकि ह्यूंदै ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इसका नया वर्नज 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है।
- कुल मिलाकर, किआ और ह्यूंदै भारतीय ग्राहकों के लिए हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सेगमेंट में मजबूत विकल्प लाने की तैयारी में हैं। कार्निवल हाइब्रिड की प्री-बुकिंग शुरू होने और सेल्टोस हाइब्रिड के ग्लोबल डेब्यू के बाद, बाकी तीन मॉडल 2027 तक इन दोनों कंपनियों की इलेक्ट्रिफिकेशन को नई ऊंचाई दे सकते हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।