भारत की सड़कों पर रोड रेज की घटनाएं आम होने लगी हैं। सड़क पर गाड़ी चलाते समय संयम न रखना रोड रेज की वजह बनता है। कई मामलों में तो ये रोड रेज का मामला इतना गंभीर हो जाता है कि लोगों की जान तक चली जाती है। हाल ही में गुरुग्राम में बाइक वाले के साथ रोड रेज की घटना चर्चा में हैं। तो वहीं, नोएडा में एक एसयूवी चालक ने एक ट्रक ड्राइवर की हत्या गोली मारकर सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि वह पास मांगने के लिए हॉर्न बजा रहा था। इन सभी घटनाओं से पता चलता है कि सड़क में गाड़ी चलाते समय अपने बर्ताव को संयमित रखना कितना जरूरी है। यहां हम आपको बताने वाले हैं कि आपको रोड रेज जैसी घटनाओं से बचने के लिए क्या करना चाहिए।
1. खुद को शांत रखें
रोड रेज की ज्यादातर घटनाएं गुस्सैल बर्ताव के कारण होती हैं। ट्रैफिक जाम, गलत लेन में चलने वाले वाहन, तेज हॉर्न, ये सब भारत की सड़कों पर आम हैं। गुस्से से कोई फायदा नहीं होगा। शांति बनाकर चीजों को हैंडल करना सीखें। रोड रेज न हो इसलिए शांत रहने में ही समझदारी है।
2. समय से निकलें
अक्सर देर होने का तनाव गुस्से का सबसे बड़ा कारण बनता है। समय पर पहुंचने के लिए थोड़ा पहले निकलें ताकि अगर रास्ते में ट्रैफिक मिले भी तो आप परेशान न हों।
3. गुस्सैल ड्राइवर से उलझें नहीं
अगर कोई आपको गलत तरीके से ओवरटेक कर ले या बेवजह हॉर्न बजाए, तो उसे नजरअंदाज करें। बहस करने या उलझने की कोशिश न करें। ऐसा करने से स्थिति और बिगड़ सकती है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में चोरी-छिपे बिकती हैं मेड-इन-इंडिया बाइक्स, डीलर करते हैं मोटी कमाई
4. हॉर्न का सही इस्तेमाल करें
भारत में हॉर्न सिर्फ सूचना देने के लिए होता है, गुस्सा निकालने के लिए नहीं। छोटी, हल्की हॉर्न का प्रयोग करें, लंबी और तेज हॉर्न बजाने से दूसरों का और अपना भी मूड खराब होता है।
5. गाड़ी के बीच सुरक्षित दूरी रखें
सामने की गाड़ियों से हमेशा सेफ डिस्टेंस बनाकर चलने में ही समझदारी है। बहुत करीब चलने से अचानक ब्रेक लगाने की नौबत आ सकती है और छोटी-मोटी टक्कर भी गुस्से का कारण बन सकती है। इसलिए हमेशा पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
यह भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुई नई रेंज रोवर इवोक ऑटोबायोग्राफी, जानें कीमत और फीचर्स
6. पुलिस को सूचित करें
यदि सड़क पर आपको रोड रेज की कोई घटना दिखे तो इसकी सूचना पुलिस को तुरंत दें। पुलिस के समय पर आने से मामले को बढ़ने से रोका जा सकता है।
7. अपने लक्ष्य को याद रखें
आपका लक्ष्य है "सुरक्षित और शांति से घर पहुंचना।" कोई भी सड़क की लड़ाई इस लक्ष्य से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। सड़कों पर धैर्य, समझदारी और सहनशीलता ही सबसे बड़ा हथियार है।