भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की लोकप्रियता बढ़ रही है। लोग अधिक रेंज और चलाने में कम खर्च के वजह से इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि, लोग इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी लाइफ को लेकर भी चिंतित रहते हैं कि कहीं बैटरी बीच में धोखा नहीं दे देगी या कितने साल चलेगी? इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी कितने साल तक चलती है और इसे कब बदलवाना चाहिए, यह सवाल हर ईवी यूजर के दिमाग में आता है।
आमतौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है, जो अधिकतर 3 से 5 साल तक चल सकती है। हालांकि, बैटरी की लाइफ कई फैक्टर्स पर निर्भर करती है।
कितनी होती है बैटरी की एवरेज लाइफ?
इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी को चार्जिंग साइकल के आधार पर मापा जाता है। एक अच्छी क्वालिटी की लिथियम-आयन बैटरी 800 से 1,500 चार्जिंग साइकल तक चल सकती है। अगर कोई व्यक्ति रोजाना 30-40 किलोमीटर तक स्कूटर चलाता है और बैटरी को सही तरीके से चार्ज करता है, तो यह लगभग 4-5 साल तक चल सकती है।
बैटरी लाइफ पर असर डालने वाले फैक्टर्स
चार्जिंग हैबिट्स: बैटरी को बार-बार फुल चार्ज और जीरो प्रतिशत तक डिस्चार्ज करने से इसकी लाइफ घट सकती है। हमेशा 20-80% के बीच चार्ज रखना बेहतर होता है।
टेम्परेचर: ज्यादा गर्मी या ठंड बैटरी की परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकती है।
ओवरलोडिंग: स्कूटर पर जरूरत से ज्यादा भार डालने से बैटरी जल्दी खराब हो सकती है।
राइडिंग स्टाइल: बार-बार तेज एक्सीलेरेशन और अचानक ब्रेक लगाने से बैटरी पर अतिरिक्त लोड पड़ता है।
बैटरी कब बदलनी चाहिए?
अगर इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी तेजी से डिस्चार्ज होने लगे, चार्ज होने में ज्यादा समय ले या परफॉर्मेंस कम हो जाए, तो यह संकेत है कि बैटरी को बदलने का समय आ गया है। कई कंपनियां बैटरी पर 3-5 साल की वारंटी देती हैं, इसलिए वारंटी खत्म होने के बाद बैटरी को चेक करवाना जरूरी होता है।