सनरूफ और मूनरूफ में काफी अंतर होता है
- फोटो : अमर उजाला
आजकल कारों में सनरूफ और मूनरूफ का चलन बढ़ता जा रहा है। खासकर मिड और प्रीमियम सेगमेंट की कारों में ये फीचर आम हो गए हैं। हालांकि, कई लोग सनरूफ और मूनरूफ को एक ही समझते हैं, लेकिन वास्तव में ये दोनों अलग-अलग फीचर्स हैं। आइए जानते हैं इन दोनों के बीच का अंतर और कौन-सा विकल्प आपके लिए बेहतर रहेगा।
क्या होता है सनरूफ?
सनरूफ एक स्लाइडिंग या पैनल ओपनिंग फीचर होता है, जो कार की छत में लगा होता है। यह मेटल या ग्लास से बना हो सकता है और इसे हाथ से या इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खोला जा सकता है। सनरूफ के जरिए गाड़ी में ताजी हवा और रोशनी अंदर लाई जा सकती है। यह कई तरह के होते हैं, जैसे पॉप-अप सनरूफ, स्लाइडिंग सनरूफ, पैनोरमिक सनरूफ, टिल्ट-अप सनरूफ आदि।
ऐसे होते हैं मूनरूफ
Sunroof Car
- फोटो : Freepik
मूनरूफ भी मूल रूप से सनरूफ का ही एक प्रकार है, लेकिन इसका पैनल ग्लास का बना होता है। इसे इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खोला और बंद किया जाता है। कई बार इसे पूरी तरह खोला नहीं जाता, बल्कि केवल झुका (टिल्ट) दिया जाता है ताकि अंदर की हवा बाहर निकल सके। अधिकतर आधुनिक और महंगी कारों में अब मूनरूफ ही दिया जाता है, क्योंकि यह दिखने में ज्यादा प्रीमियम और स्टाइलिश लगता है।
सनरूफ और मूनरूफ में क्या है अंतर?
Hyundai Staria MPV
- फोटो : Hyundai
- सनरूफ और मूनरूफ के बीच सबसे बड़ा अंतर इनकी मैन्युफैक्चरिंग और काम करने के तरीके में होता है।
- सनरूफ मेटल या ग्लास से बना हो सकता है, जबकि मूनरूफ हमेशा ग्लास का ही बना होता है।
- सनरूफ को हाथ से या इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खोला जा सकता है, जबकि मूनरूफ पूरी तरह इलेक्ट्रॉनिक होता है।
- सनरूफ को पूरी तरह खोला जा सकता है, जिससे ज्यादा ताजी हवा और रोशनी अंदर आती है, वहीं मूनरूफ आमतौर पर केवल झुकता (टिल्ट) है या आंशिक रूप से खुलता है।
- लुक के मामले में भी दोनों में अंतर है। सनरूफ कार को एक स्टैंडर्ड लुक देता है, जबकि मूनरूफ ज्यादा प्रीमियम और मॉडर्न लुक प्रदान करता है।
- इसके अलावा, सनरूफ कुछ बजट सेगमेंट की कारों में उपलब्ध होता है, जबकि मूनरूफ ज्यादातर प्रीमियम और लग्जरी कारों में देखने को मिलता है।
कौन-सा विकल्प बेहतर?
Hyundai Staria MPV
- फोटो : Hyundai
अगर आपको कार में ज्यादा ताजी हवा और खुली छत का अहसास चाहिए, तो सनरूफ एक अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं, अगर आप सिर्फ अंदर रोशनी और थोड़ी वेंटिलेशन चाहते हैं तो मूनरूफ बेहतरीन ऑप्शन रहेगा।
सनरूफ और मूनरूफ, दोनों ही कार के लुक और फील को बेहतर बनाते हैं। लेकिन अगर आप नई कार खरीद रहे हैं, तो यह जरूर जांच लें कि आपको किस तरह का रूफ ऑप्शन दिया जा रहा है। अपनी जरूरत और सुविधा के हिसाब से सही विकल्प चुनना ही समझदारी होगी।