दिग्गज टू-व्हीलर कंपनी Honda (HMSI) एक बार फिर अपनी इलेक्ट्रिक योजनाओं को लेकर चर्चा में है। हाल ही में कंपनी ने भारत में अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Honda WN7 का पेटेंट फाइल किया है। यह वही बाइक है जिसने अपने शानदार लुक के लिए iF डिजाइन अवॉर्ड 2026 में गोल्ड मेडल जीता है। आइए जानते हैं इस 'फ्यूचरिस्टिक' बाइक में क्या कुछ खास है और क्या यह वाकई भारतीय सड़कों पर उतरेगी।
कैसा है इसका डिजाइन?
Honda WN7 देखने में काफी आधुनिक और रोबोटिक लगती है, जिसे कंपनी ने 'मिनिमलिस्ट' अप्रोच के साथ तैयार किया है। इसके फ्रंट में चौड़ा LED DRL और वर्टिकली सेट की गई हेडलाइट्स इसे एक भविष्य की बाइक जैसा लुक देती हैं। बाइक की बनावट काफी मजबूत है, जहां बैटरी और फ्रेम को ढकने के लिए एक सिंगल-पीस डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है।
यह हिस्सा देखने में बिल्कुल पारंपरिक फ्यूल टैंक जैसा अहसास कराता है। प्रीमियम अहसास को बढ़ाने के लिए इसमें चौड़े हैंडल बार और उनके किनारों पर लगे सर्कुलर मिरर्स दिए गए हैं। साथ ही, इसके सिंगल-साइडेड स्विंगआर्म की वजह से बाइक का पिछला हिस्सा बेहद साफ-सुथरा और स्पोर्टी नजर आता है।
600cc बाइक जैसी दमदार परफॉरमेंस
इस बाइक का नाम 'WN7' इसके कैरेक्टर को बखूबी बयां करता है। जहां 'N' का मतलब 'नेकेड' डिजाइन, 'W' का अर्थ 'Be The Wind' और '7' इसकी हाई-परफॉरमेंस कैटेगरी को दर्शाता है। पावर के मामले में यह किसी 600cc पेट्रोल इंजन वाली बाइक को कड़ी टक्कर देती है। इसमें लगी 50.4 KW की मोटर 67.5 bhp की अधिकतम पावर और 100 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है।
लंबी दूरी के सफर के लिए इसमें 9.3 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो फुल चार्ज पर 130 किमी की रेंज का वादा करता है। आधुनिक तकनीक के तौर पर यह CCS2 फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इससे बैटरी महज 30 मिनट में 20% से 80% तक चार्ज हो सकती है। 217 किलोग्राम वजनी इस बाइक में 5-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो कई स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स से लैस है।
क्या भारत में होगी इसकी एंट्री?
कीमत की बात करें तो ब्रिटेन (यूके) के बाजार में इसकी शुरुआत लगभग 12,999 पाउंड से होती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 16.74 लाख रुपये के आसपास बैठती है। जहां तक भारत में इसके लॉन्च का सवाल है तो फिलहाल पेटेंट फाइल होने का मतलब यह कतई नहीं है कि बाइक जल्द ही शोरूम में नजर आएगी।
अक्सर ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) को सुरक्षित रखने के लिए भी डिजाइन्स का पेटेंट कराती हैं। हालांकि, होंडा एयरब्लेड जैसे अन्य मॉडल्स के भारतीय बाजार में आने की संभावना WN7 से कहीं ज्यादा है, लेकिन प्रीमियम इलेक्ट्रिक सेगमेंट में इस बाइक का पेटेंट होना ही ऑटो सेक्टर में हलचल मचाने के लिए काफी है।