: भारतीय सड़कों पर राज करने वाली प्रीमियम सेडान होंडा सिटी एक बार फर नए अवतार में दस्तक देने वाली है। होंडा कार्स इंडिया 22 मई 2026 को यह फैसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर सकती है। लॉन्च से पहले यह कार पहली बार बिना किसी कवर के स्पॉट हो चुकी है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कार का नया डिजाइन और कई अपडेट साफ दिखाई दे रहे हैं।
फ्रंट डिजाइन में मिलेगा बदलाव
नई होंडा सिटी के फ्रंट प्रोफाइल में बदलाव देखने को मिल सकता है। लीक्स के अनुसार इसमें नए LED हेडलैंप्स, इंटीग्रेटेड DRLs, नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड Honda H बैज और ज्यादा शार्प फ्रंट बंपर मिल सकता है। नई डिजाइन कार को पहले से ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देती है। हालांकि यह पूरी तरह नया मॉडल नहीं है, बल्कि मौजूदा डिजाइन का इवोल्यूशनरी अपडेट माना जा रहा है।
साइड और रियर प्रोफाइल में क्या बदलेगा?
लीक्स के अनुसार कार की साइड प्रोफाइल काफी हद तक पहले जैसी ही हो सकती है, लेकिन नए अलॉय व्हील्स, हल्के कॉस्मेटिक बदलाव दिख सकते हैं। हालांकि रियर डिजाइन पूरी तरह सामने नहीं आया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार नए टेललैंप्स और अपडेटेड रियर बंपर देखने को मिल सकते हैं।
केबिन में मिलेगा ज्यादा टेक्नोलॉजी फोकस
लीक्स रिपोर्ट में नई सिटी फेसलिफ्ट के इंटीरियर में भी कई छोटे लेकिन जरूरी बदलाव मिलने की संभावना जताई गई है। संभावित फीचर्स में बड़ा इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नई अपहोल्स्ट्री, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और 360 डिग्री कैमरा के साथ डैशबोर्ड लेआउट में भी हल्के बदलाव किए जा सकते हैं।
ADAS और सेफ्टी फीचर्स रहेंगे बरकरार
इसी के साथ सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखते हुए इस कार में छह एयरबैग्स, ADAS फीचर्स, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटो हाई बीम असिस्ट और लेन सपोर्ट फीचर्स होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। यानी सेफ्टी के मामले में यह कार पहले की तरह मजबूत बनी रहेगी।
इंजन में नहीं होगा बदलाव
नई Honda City Facelift में इंजन ऑप्शन्स में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन ही दिया जा सकता है, जो 121 hp की पावर और 145 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा कंपनी इसका हाइब्रिड वेरिएंट भी लाइनअप में जारी रख सकती है। हालांकि इसे लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
किन कारों से होगा मुकाबला?
ऐसा माना जा रहा है कि लॉन्च के बाद नई होंडा सिटी का ह्यूंदै वर्ना, स्कोडा स्लेविया और फोक्सवैगन जैसी प्रीमियम सेडान्स से मुकाबला हो सकता है। हालांकि SUV ट्रेंड बढ़ने के बावजूद यह भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। इसकी वजह कम्फर्टेबल राइड, भरोसेमंद इंजन, प्रीमियम केबिन और मजबूत ब्रांड वैल्यू मानी जाती है। नई फेसलिफ्ट के साथ कंपनी इसे और ज्यादा आधुनिक बनाने की तैयारी में है।