फोर्ड ने इंजन में खराबी के खतरे को देखते हुए अमेरिका में 8.5 लाख से ज्यादा गाड़ियां वापस मंगवाने का फैसला किया है। गाड़ियों में लगे लो-प्रेशर फ्यूल पंप के अचानक बंद हो जाने से चलते समय इंजन बंद हो सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। रिकॉल में फोर्ड ब्रोंको, एक्सप्लोरर, एफ-150 और लिंकन की कुछ गाड़ियां शामिल हैं।
फोर्ड कंपनी ने अमेरिका में 8,50,000 से ज्यादा गाड़ियों को वापस मंगवाने का फैसला किया है। इसकी वजह है गाड़ियों में लगा लो-प्रेशर फ्यूल पंप, जो अचानक काम करना बंद कर सकता है और इससे चलते समय इंजन बंद होने का खतरा बढ़ जाता है। यह दुर्घटना का कारण बन सकता है। बता दें कि यह रिकॉल फोर्ड और लिंकन ब्रांड की कई नई मॉडल वाली गाड़ियों पर लागू होता है। इसमें फोर्ड ब्रोंको, फोर्ड एक्सप्लोरर, फोर्ड एफ-150, लिंकन एविएटर और लिंकन नेविगेटर शामिल है।
अब समझिए किन गाड़ियों पर होगा असर?
गौरतलब है कि यह रिकॉल 2021 से 2023 तक के कुछ मॉडल्स पर लागू होता है। इसमें फोर्ड ब्रोंको, एक्सप्लोरर, फोर्ड एफ-150, मस्टैंग, एक्सपीडिशन, फोर्ड एफ-250 एसडी, एफ-350 एसडी, एफ-450 एसडी, एफ-550 एसडी, लिंकन एविएटर और 2021-2022 लिंकन नेविगेटर शामिल है। साथ ही फोर्ड ने ग्राहकों को सलाह भी दी गई है कि वे किसी भी चेतावनी संकेत को नजरअंदाज न करें और पत्र मिलने पर जल्द ही डीलर से संपर्क करें।