अक्सर जल्दबाजी या लापरवाही में लोग डीजल कार में पेट्रोल डलवा लेते हैं। पहली नजर में यह आपको भले ही छोटी सी गलती लगे, लेकिन इससे गाड़ी को बड़े नुकसान हो सकते हैं। ऐसा होने पर सबसे ज्यादा नुकसान गाड़ी के इंजन को होता है और लाखों रुपये का खर्च हो सकता है। तो आइए जानते हैं डीजल कार में गलती से पेट्रोल जाने पर क्या नुकसान हो सकते हैं।
फ्यूल में अंतर से होता है नुकसान
डीजल और पेट्रोल दोनों अलग तरह के फ्यूल हैं और इनके इंजन भी अलग तरह से काम करते हैं। डीजल इंजन में फ्यूल खुद ही जलता है जबकि पेट्रोल इंजन में स्पार्क प्लग से फ्यूल जलता है। पेट्रोल में डीजल के मुकाबले कम लुब्रिकेशन होता है। डीजल सिस्टम में पेट्रोल जाने से वहां की लुब्रिकेशन यानी घिसने से बचाने वाली प्रक्रिया रुक जाती है, जिससे पार्ट्स जल्दी खराब हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें: सफर से पहले जानिए कहां लगेगा सबसे कम टोल, NHAI की नई सुविधा से यात्रा होगी आसान
अगर डीजल कार में पेट्रोल बहुत कम मात्रा में गया तो गाड़ी को नुकसान नहीं होगा, लेकिन बार-बार मिक्स्ड फ्यूल इंजन में जाता रहा, तो इससे इंजन बहुत जल्दी खराब हो सकता है।
कौन-कौन से हिस्से हो सकते हैं खराब?
अगर पेट्रोल गलती से भर गया और आपने कार स्टार्ट कर दी, तो ऐसा करने पर फ्यूल पंप, इंजेक्टर, पिस्टन और वाल्व खराब हो सकते हैं। लगातार पेट्रोल जाने पर इंजन पूरी तरह लॉक यानी सीज हो सकता है।
क्या करें अगर ये गलती हो जाए
सबसे पहली बात, गाड़ी को स्टार्ट बिल्कुल न करें। तुरंत टो ट्रक बुलाकर कार को सर्विस सेंटर ले जाएं। वहां पर फ्यूल टैंक और पाइपलाइन को पूरी तरह साफ करवाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पहाड़ी रास्तों में कार को स्लिप होने से बचाता है ये खास फीचर, जानिए कैसे करता है काम
ऐसी गलती से कैसे बचें
पेट्रोल पंप पर हमेशा ध्यान रखें कि कौन सा फ्यूल भरवाया जा रहा है। अगर कार डीजल या पेट्रोल हो तो कैप पर फ्यूल का स्टीकर जरूर लगवाएं। खुद चेक करें कि सही फ्यूल भर रहा है या नहीं।