Earth Energy EV (अर्थ एनर्जी ईवी) ने बुधवार को देश में तीन इलेक्ट्रिक टू व्हीलर्स लॉन्च किए। मुंबई स्थित स्टार्टअप ने कहा कि इन सभी वाहनों में 96 फीसदी स्थानीय सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। अर्थ एनर्जी ईवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और संस्थापक रूशी एस ने एक वर्चुअल लॉन्च इवेंट में कहा, "भारत में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग विभिन्न कारकों के कारण उभर रहा है जैसे पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता, पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और कड़े उत्सर्जन मानदंड। हमें लगता है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की खपत अब पहले से कहीं अधिक बढ़ जाएगी।"
उन्होंने कहा कि कंपनी अगले कुछ महीनों में मॉड्यूलर डिजाइन के साथ इलेक्ट्रिक लाइट कमर्शियल व्हीकल (एलसीवी) पेश करने की योजना बना रही है। कंपनी वर्तमान में मुंबई के बाहरी इलाके में एक विनिर्माण सुविधा में अपनी उत्पाद रेंज बनाती है।
GLYDE
यह एक इलेक्ट्रिक स्कूटर है, इसमें कंपनी ने 2.4W की क्षमता का इलेक्ट्रिक मोटर प्रयोग किया है। इसकी टॉप स्पीड 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है।
Evolve Z
इस इलेक्ट्रिक बाइक में 96 AH की क्षमता का लिथियम बैटरी पैक मिलता है। फुल चार्ज में यह बाइक 100 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है।
Evolve R
यह देश की पहली इलेक्ट्रिक कूजर बाइक है। इस बाइक को फास्ट चार्जर से सिर्फ 40 मिनट में फुल चार्ज किया जाता सकता है। कंपनी के मुताबिक यह बाइक फुल चार्जिंग में 110 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है।
कीमत
कंपनी ने GLYDE मॉडल को 92,000 रुपये में लॉन्च किया है। वहीं Evolve Z मॉडल को 1.3 लाख रुपये और Evolve R को 1.42 लाख रुपये की कीमत के साथ पेश किया गया है।
फीचर्स
कंपनी ने कहा कि इसके मॉडल स्मार्टफोन के लिए इन-बिल्ट ऐप के साथ आते हैं जो राइडर को लाइव नेविगेशन स्टेटस, इनकमिंग कॉल / मैसेज अलर्ट, ट्रिप हिस्ट्री और मौजूदा ऑन-स्क्रीन डेस्टिनेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं जिससे बिना किसी असुविधा के यात्रा का आनंद उठाया जा सकता है।
कंपनी की योजनाएं
रूशी एस ने कहा, "यह प्लांट हर साल 12,000 यूनिट्स का उत्पादन कर सकती है। हम अब प्रति वर्ष 65,000 यूनिट्स के साथ एक बड़ा प्लांट स्थापित करना चाहते हैं।" उन्होंने बताया कि कंपनी इस साल के आखिर तक 45 डीलर आउटलेट खोलने वाली है। वर्तमान में, कंपनी के मुंबई में सात स्थानों पर सात डीलरशिप हैं।