देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा शुरू हो गई है। इस सर्विस से ना सिर्फ परिवहन और सुगम हो जाएगा, बल्कि प्रदूषण में भी थोड़ी कमी आएगी। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, एक बस की कीमत 1.67 करोड़ रुपए है।
पढ़ें: लेम्बोर्गिनी से लेकर फरारी तक, विदेशों में पुलिस को मिलती हैं ये तेज रफ्तार कार
बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने इन बसों के लिए 7 रूट्स को चुना है। यह बस एक बार चार्ज होकर 200 किमी तक चल सकती है, जोकि पूरे दिन के लिए पर्याप्त होगा। इनमें लीथियम आयन बैटरी लगाई गई है।
हालांकि इन्हें चार्ज करने के लिए कोलाबा बस डीपो पर एक मात्र चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध होगा। लाल और सिल्वर रंग की इन बसों में 31 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इन बसों के पायदान नीचे हैं, जिसके कारण यह खासतौर पर बुजुर्ग एवं महिला यात्रियों के लिए सुगम होंगी। सीएनजी बस को चलाने में जहां 15 रुपए प्रति किलोमीटर तथा डीजल को चलाने में 20 रुपये प्रति किलोमीटर का खर्च आता है, तो वहीं इलेक्ट्रिक बसों को चलाने में 8 रुपए प्रति किलोमीटर का खर्च आएगा।