सीएनजी कार चलाने वालों के लिए यह ईंधन किफायती होने के साथ-साथ सुविधाजनक भी माना जाता है, लेकिन सीएनजी भरवाते समय थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हाल ही में एक ऐसा ही वाकया सामने आया है, जहां सीएनजी स्टेशन पर कार में गैस भरवाते समय अचानक विस्फोट हो गया। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर सीएनजी भरवाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? आइए जानते हैं...
गुजरात के करजन में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर एक सीएजनी स्टेशन पर कार में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक विस्फोट का मामला सामने आया है। कहा जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि कार का गैस टैंक फट गया और उसके टुकड़े व शीशे कई मीटर दूर तक जा गिर। इस घटना से आस पास की गाड़ियों को भी नुकसान हुआ। हालांकि, कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी की जान नहीं गई। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सीएनजी भरवाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना कितना जरूरी है। क्योंकि इसके पहले भी सीएनजी भरवाते समय विस्फोट के मामले सामने आ चुके हैं।
विज्ञापन
सीएनजी भरवाते समय इन आठ बातों का रखें ध्यान
सीएनजी भरवाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- फोटो : amarujala.com
1. सीएनजी भरवाते समय कार से पूरी तरह बाहर निकलें
एक्सपर्ट्स के अनुसार, सीएनजी भरवाते समय गाड़ी के अंदर किसी भी व्यक्ति को नहीं बैठना चाहिए। ड्राइवर और सभी यात्रियों को कार से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी पर खड़ा होना चाहिए। यह सीएनजी स्टेशन पर अपनाई जाने वाली सबसे बुनियादी और जरूरी सुरक्षा सावधानियों में से एक है।
2. इंजन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम बंद रखें
सीएनजी भरवाने से पहले कार का इंजन पूरी तरह बंद कर दें। इसके साथ ही हेडलाइट, एसी, म्यूजिक सिस्टम और मोबाइल चार्जर जैसे इलेक्ट्रिकल उपकरण भी बंद रखें।
किसी भी तरह की स्पार्किंग गैस के संपर्क में आने पर आग लगने का खतरा बढ़ा सकती है। इसलिए फिलिंग के दौरान कार के सभी अनावश्यक इलेक्ट्रिकल सिस्टम बंद रखना जरूरी है।
3. मान्यता प्राप्त और अच्छे सीएनजी स्टेशन पर ही गैस भरवाएं
यह बहुत ही जरूरी होता है कि सीएनजी हमेशा मान्यता प्राप्त और भरोसेमंद स्टेशन से ही भरवानी चाहिए। अंजान या संदिग्ध स्टेशनों पर गैस भरवाने से बचें।
ऐसे स्टेशन को प्राथमिकता दें जहां नियमित रूप से मेंटेनेंस किया जाता हो और सीएनजी फिलिंग के लिए अच्छी मशीनरी और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद हो।
4. आफ्टरमार्केट सीएनजी किट को लेकर रहें सावधान
अक्सर लोग पैसे बचाने के चक्कर में सस्ती आफ्टरमार्केट सीएनजी किट लगवा लेते हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता छोटी सी बचत उनके कार पर भारी पड़ सकती है। फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी सिस्टम सुरक्षा और वाहन के साथ बेहतर तरीके से इंटीग्रेटेड होते हैं।
अगर आपकी कार में आफ्टरमार्केट सीएनजी किट लगी है, तो उसकी नियमित जांच किसी अधिकृत वर्कशॉप से करवाते रहें। किट की फिटिंग, पाइपलाइन और दूसरे जरूरी हिस्सों में किसी भी तरह की खराबी को नजरअंदाज न करें।
5. सीएनजी सिलेंडर की उम्र और हाइड्रो टेस्ट जरूर जांचें
सीएनजी सिलेंडर की एक तय उम्र होती है। इसलिए सिलेंडर की उम्र और उसकी जांच से जुड़ी जानकारी पर नजर रखना जरूरी हो जाता है। इसलिए समय-समय पर हाइड्रो टेस्ट भी करवाना चाहिए। पुराना या क्षतिग्रस्त सिलेंडर सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम बन सकता है और इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
6. गैस भरते समय नोजल और पाइप पर नजर रखें
सीएनजी फिलिंग के दौरान नोजल और पाइप की स्थिति पर भी ध्यान दें। इस दौरान गैस लीकेज, अजीब आवाज या असामान्य दबाव जैसी कोई समस्या दिखाई दे या महसूस हो तो तुरंत सीएनजी स्टेशन के स्टाफ को इसकी जानकारी दें।
किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में खुद जांच करने के बजाय वहां से सुरक्षित दूरी पर चले जाएं और स्टाफ को स्थिति संभालने दें।
7. सीएनजी स्टेशन पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें
यह सबसे जरूरी नियम होता है। अक्सर लोग टाइम पास करने के चक्कर में फोन इस्तेमाल करने लगते हैं, लेकिन सीएनजी भरवाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। गैस स्टेशन पर किसी भी संभावित स्पार्क से खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए सीएनजी फिलिंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना और स्टेशन पर दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहतर है।
8. सीएनजी सिस्टम की नियमित सर्विसिंग करवाते रहें
यह हर सीएनजी कार मालिक के लिए जरूरी नियम है कि सीएनजी कार की नियमित सर्विसिंग कराना बेहद जरूरी होता है। खासकर सीएनजी सिस्टम की पाइपलाइन, रेगुलेटर और दूसरे जरूरी हिस्सों की समय-समय पर जांच करवाते रहें।
छोटी-सी खराबी भी अगर समय पर ठीक न की जाए तो आगे चलकर बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। इसलिए किसी भी तरह की गड़बड़ी के संकेत मिलने पर अधिकृत वर्कशॉप में कार की जांच करवाएं।
सीएनजी भरवाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- फोटो : एआई जनरेटेड
आखिर क्यों बढ़ रहा है सीएनजी से जुड़े हादसों का खतरा?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सीएनजी किफायती होने के साथ पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर ईंधन माना जाता है। यही वजह है कि देश में सीएनजी कारों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
हालांकि, कुछ जगहों पर घटिया आफ्टरमार्केट किट, अनियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसों का जोखिम बढ़ा सकती है। पिछले कुछ वर्षों में देश के अलग-अलग हिस्सों में सीएनजी भरवाते समय कार या टैंक फटने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
इन मामलों में आफ्टरमार्केट किट, पुराने सिलेंडर, अधिक दबाव या सुरक्षा नियमों की अनदेखी जैसी वजहें सामने आती रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, बुनियादी सुरक्षा सावधानियों और नियमित जांच का ध्यान रखा जाए तो इस तरह की कई घटनाओं को रोका जा सकता है।
सीएनजी किफायती है, लेकिन सुरक्षा से समझौता न करें
जानकारों के अनुसार सीएनजी कार चलाने का खर्च कम करने में मदद कर सकती है, लेकिन इसे भरवाते और इस्तेमाल करते समय सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता देनी चाहिए। कार से बाहर निकलना, इंजन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम बंद रखना, सिलेंडर की जांच करवाना और सीएनजी सिस्टम की नियमित सर्विसिंग जैसे छोटे कदम बड़े हादसे को रोकने में मदद कर सकते हैं।
इसलिए अगली बार जब आप सीएनजी भरवाने जाएं, तो इन सुरक्षा सावधानियों को जरूर ध्यान में रखें। छोटी-सी सावधानी आपके और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।