दुनिया में सबसे कठिन काम होता है बच्चों का नामकरण। ऐसा मैं इसलिए बोल रहा हूं क्योंकि सबकी पसंद अलग-अलग होती है और आपको वह ढूंढना होता है जो सबको पसंद हो और वह सबसे अलग भी हो। आजकल कार कंपनियां अपनी नई गाड़ियों को सही व सटीक नाम देने के लिए खूब मशक्कत कर रही हैं। भारत में बिकने वाली बहुत सी गाड़ियों के नाम का मतलब तक लोगों को पता नहीं है भले ही वह व्यक्ति उस कार को क्यूं न ड्राइव करता हो। आज हम यहां पर आपको फोक्सवैगन टिगुआन की ड्राइव करवाने जा रहे हैं लेकिन इस ड्राइव को शुरू करने से पहले आपको टिगुआन का मतलब भी बताएंगे। जर्मन में टिगुआन का मिलाजुला मतलब होता है टाइगर। इसे टाइगर और लेगुआन को जोड़कर बनाया गया है।
इन दोनों शब्दों को जब जर्मन में मिक्स किया गया तो टिगुआन नाम सामने आया। पीक्यू35 प्लेटफॉर्म पर बनी इस गाड़ी को फोक्सवैगन ने 2007 में वैश्विक बाजार में पेश किया था। और अब जिस टिगुआन को कंपनी ने यहां लॉन्च किया है यह दूसरी पीढ़ी की टिगुआन है। फोक्सवैगन की यह एक लोकप्रिय एसयूवी जिसे दुनिया में लोगों ने काफी पसंद किया है। क्या आपको इस गाड़ी को खरीदना चाहिए? आखिर यह एमयूक्स, फॉर्चूनर व एंडेवर जैसी बड़ी एसयूवी गाड़ियों से क्यूं अलग है? इन्हीं सवालों के जवाब जानने के लिए हमने टिगुआन की बेंग्लूरू से चिकमंग्लूर तक की ड्राइव की।
सबसे पहले बात कीमत व प्रतिस्पर्धा की
- फोटो : Amit Dwivedi
इस रिव्यू को आगे बढ़ाने से पहले यह जानना सबसे जरूरी है कि आखिर यह गाड़ी अपनी जगह कहां बना रही है और किस सेगमेंट में यह अपनी जगह तलाश रही है। फोक्सवैगन ने इसे दो वेरिएंट में बाजार में उतारा है कंफर्टलाइन व हाईलाइन। इसके कंफर्टलाइन की कीमत 27 लाख 98 हजार रुपये तथा हाईलाइन की कीमत 31 लाख 38 हजार रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है। कीमत के मामले में यह एमयूएक्स, एंडेवर व फॉर्चूनर तीनों के बीस वेरिएंट से महंगी है। लेकिन इसकी प्रतिस्पर्धा इन्हीं विशालकाय वाली एसयूवी से है। भारत जैसे देश में लोगों को वह चीज ज्यादा पसंद आती है जो दूर से दिख जाती है। कुल मिलाकर बात उस स्टेटस की है जिसमें दिखावा ज्यादा मायने रखता है। लेकिन पूरी दुनिया में 35 लाख से भी अधिक टिगुआन अगर बिकी है तो इसके पीछे कोई न कोई तो वजह जरूर होगी। यह एक पांच सीटर एसयूवी है जिसमें महज पांच लोग बैठ सकते हैं। पर यह अपनी प्रतिस्पर्धा से एकदम जुदा है। इसकी वजह बहुत दिलचस्प है। इसका अंदाजा हमें तब लगा जब हमने इसे बेंगलुरू के तकरीबन 50 किलोमीटर भारी यातायात, चिकमंग्लूर के फोर लेन हाईवे व 100 किलोमीटर के सर्पाकार रास्ते पर इसे ड्राइव किया। अगर आप फोक्सवैगन की इस नई प्रस्तुति से कहीं भी भ्रमित हो रहे हों तो आगे पढ़ें।
बाहरी डिजाइन
- फोटो : Amit Dwivedi
मुझे फोक्सवैगन की कारें पसंद हैं लेकिन मैं इसकी डिजाइन का कभी भी फैन नहीं रहा। लेकिन इसके बावजूद अब तक फोक्सवैगन ने अपनी जर्मन भाषा के साथ हमेशा न्याय किया पर अपनी जल्दी से समझ आ जाने वाली डिजाइन के साथ कोई समझौता नहीं किया। अगर सड़क से गुजर रही इस कार को आप अचानक देखेंगे तो आपको इस मुड़कर देखने का मन नहीं करेगा और आपको पता चल जाएगा कि यह फोक्सवैगन है पर उसका कोई नया प्रोडक्ट यह जानने की जिज्ञासा आपके मन में इसे देखकर नहीं आएगी। लेकिन इसकी खूबसूरती इसकी काया में नहीं बल्कि अंदर है। एक बड़े आक्रामक बंपर के साथ इसमें डाटेड एलईडी लाइट दी गई हैं। बारिश में भीगने के बाद यह बेहद खूबसूरत लगती है। अन्य फोक्सवैगन कारों की तरह इसे भी गाल्वेनाइज्ड स्टील से बनाया गया है। इसके एलईडी हेडलैंप और डेटाइम रनिंग लाइटें इसकी विजिविलिटी को सड़क पर पूरी तरह से कायम रखती हैं। दिन हो या रात इसकी उपस्थिति को बखूबी फॉगलैंप व कॉर्नर लाइट पूरा करके रखते हैं। इसके साइड मिरर को आप गाड़ी के अंदर से ही फोल्ड कर सकते हैं व खोल सकते हैं। इसके कंफर्टलाइन में आर 17 इंच के मोंटाना एलॉय व्हील व हाईलाइन वेरिएंट में आर 18 इंच के किंग्सटन एलॉय व्हील दिए गए हैं। बड़े स्पीड ब्रेकर से गुजरने के दौरान भी यह ड्राइवर का कांफीडेंस लूज नहीं होने देती न ही पीछे बैठे यात्री को कोई दिक्कत होती है। फोक्सवैगन के अनुसार इसका ग्राउंड क्लीयरेंस गाड़ी में चार लोगों के बैठने के बाद, 90 लीटर फ्यूल व बूट में लगेज फुल होने के बाद 149 मिलीमीटर का है। यही वजह है कि आप किसी भी स्पीड ब्रेकर से लेकर इसे निकल जाएंगे तो पता नहीं चलेगा। इसके बारे में और बात गाड़ी के परफॉर्मेंस में आपको आगे बताएंगे।
अंदर से कितनी व्यावहारिक है टिगुआन
- फोटो : Amit Dwivedi
गाड़ी के अंदर ढेर सारे फीचर्स की भरमार है। इसका केबिन बेहद प्रीमियम दिखता है तथा इसको छूने पर इसके प्रीमियम होने का अहसास हो जाता है। टिगुआन पैनारोमिक सनरूफ के साथ आती है जिसमें एलईडी लाइट्स भी लगी हुई हैं इस सेगमेंट में ऐसा पहली बार है। ऊपर की छत पूरी तरह से शीशे की है जिसकी वजह से र्डाइव के दौरान पूरे रास्ते आपको आसमान दिखता रहता है। इसके सनरूफ में दो लोग आराम से खड़े हो सकते हैं। इसमें तीन जोन ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल दिया गया है, इसके चलते इसे कोई भी अपने हिसाब से अडजस्ट कर सकता है। सामान्य शब्दों में पीछे बैठे यात्री जितना उनको चाहिए उस हिसाब से कूलिंग सेट कर सकते हैं। पीछे दिया गया एसी वेंट गर्मी के मौसम में पीछे बैठे यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
इसमें दिया गया ऑटो डिमिंग आईआरवीएम आपको पीछे चल रहे वाहनों की सही स्थिति की जानकारी देता रहता है जिससे आप अपनी गाड़ी को पीछे आ रहे वाहनों से सेफ रख सकते हैं। इसकी सीटें विएना लेदर की हैं, स्टीयरिंग व्हील फ्लैट है व लेदर में लिपटा हुआ है। ड्राइवर सीट को इलेक्ट्रिकली अडजस्ट किया जा सकता है। ड्राइवर सीट पावर अडजस्टेबल होने के साथ लंबर सपोर्ट के साथ आती है, ड्राइवर सीट के लिए सीट और ओआरवीएम मेमोरी फंक्शन दिया गया है। इसमें ढेर सारे स्विचेस दिए गए हैं लेकिन वो व्यावहारिक लगते हैं और हर किसी का प्रयोग एक ड्राइवर करता है।
ऑटोमेटिक एलईडी हेडलैंप, ऑटोमेटिक वाइपर्स, क्रूज कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक विद हिल होल्ड, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर, रियर व्यू कैमरा, पैडल शिफ्टर्स, पुश बटन स्टार्ट, हीटेड फ्रंट सीट, टायर प्रेशर मॉनीटरिंग, बड़ा टच स्क्रीन एपल कार प्ले व एंड्रायड ऑटो के साथ। नेवीगेशन सिर्फ आपके फोन से जुड़कर काम करता है। सुरक्षा के लिहाज से भी यह एक शानदार प्रीमियम कार है जिसमें 6 एयरबैग, एबीएस, ईएससी व पेडास्ट्रियन सेफ्टी के लिहाज से इसका बोनट एक्सीडेंट के दौरान उठ जाता है जिससे इससे टकराने वाला इसके बोनट को कुसन की तरह प्रयोग कर लेता है व दुर्घटना के दौरान ज्यादा चोट नहीं लगती। कुल मिलाकर अंदर बैठकर आप एक दूसरी दुनिया में खो जाएंगे जिसमें टाइगर जैसी फुर्ती व चपलता आपमें आ जाएगी जब तक आप इसकी स्टीयरिंग व्हील पर होंगे।
अब बात परफॉर्मेंस की
- फोटो : Amit Dwivedi
हमने टिगुआन के हाईलाइन ऑटोमेटिक वेरिएंट को ड्राइव किया। इसमें 2 लीटर टीडीआई डीजल इंजन लगा है जो कि सेवन स्पीड डीएसजी ऑटोमेटिक और 4 मोशन ऑल व्हील ड्राइव से सुसज्जित है। इसका ऑलव्हील ड्राइव हमेशा एक्टिव रहता व जरूरत पड़ने पर अपनी भूमिका निभाना शुरू कर देता है। इसकी शिफ्टिंग इतनी स्मूद है कि ड्राइवर को पता भी नहीं चलता कि गाड़ी शिफ्ट हो रही है। इसका इंजन 143 एचपी की शक्ति व 340 एनएम का टॉर्क देती है। इस 1.7 टन वजन वाली एसयूवी को भारतीय परिवेश के हिसाब से ट्यून किया गया है। इसकी ड्राइविंग के वक्त आपको कभी पता नहीं चलेगा कि आप कहीं असहज हो रहे हैं। फास्ट कॉर्नर, हार्ड कॉर्नर व लेन शिफ्टिंग को ये पलक झपकते अंजाम देती है। इसकी स्टीयरिंग का फीडबैक शानदार है तथा यह आपके मन की बात जान लेती है। जहां आप इरादा करेंगे ये वहां बिना लाइन से भटके अपना काम कर देती है। फोक्सवैगन का दावा है कि इसका माइलेज 17.06 किमीप्रली का है। मैं यहां पर किसी अन्य एसयूवी का जिक्र नहीं कर रहा हूं उसकी वजह आपको आगे बताता हूं।
फोक्सवैगन क्या दे रही है ऑफर
- फोटो : Amit Dwivedi
अगर आप टिगुआन को खरीदते हैं तो फोक्सवैगन आपको 2 साल की स्टैंडर्ड वारंटी अनलिमिटेड किलोमीटर के साथ देगी जिसे आप 1 साल या 80 हजार किलोमीटर तक बढ़ा भी सकते हैं। इस पर तीन साल की पेंट वारंटी व 12 साल की परफोरेशन वारंटी भी ऑफर कर रही है। इसके अलावा इस पर कंपनी 2 साल की रोड साइड असिस्टेंस भी ऑफर कर रही है। इसकी सर्विस वारंटी हर 15 हजार किलोमीटर या फिर 1 साल पर करवाने की जरूरत है। लेकिन 75 सौ किलोमीटर पूरा होने पर या फिर छह माह पर एक बार कंपनी निशुल्क जांच करती है।
क्या आपको इसे खरीदना चाहिए
- फोटो : Amit Dwivedi
अगर आपको गाड़ी की परफॉर्मेंस ज्यादा मायने रखती है और आपका बजट इस कीमत की एसयूवी खरीदने का है तो आंख बंद करके आप इसे खरीद सकते हैं। यह शानदार परफॉर्मेंस कार है जिसमें सिर्फ पांच लोग बैठ सकते हैं। लेकिन यह सड़क पर अलग से नजर नहीं आएगी। अपनी व्यावहारिक क्षमता व किफायती अंदाज में ये एसयूवी आपको निराश नहीं करेगी। लेकिन परफॉर्मेंस के मामले में सड़क पर दौड़ रही विशालकाय एसयूवी फुर्ती व चपलता के मामले में इसे कहीं से भी टक्कर नहीं दे सकतीं। अगर आप ड्राइवर रखकर इसके पीछे बैठकर यात्रा करना चाहेंगे तो भी आपको कोई दिक्कत नहीं आएगी। हो सकता है कि पहली नजर में कोई इसे स्कोडा येटी समझ ले लेकिन यह जर्मन इंजीनियरिंग आपके काम की है।
तकनीकि जानकारी
- फोटो : Amit Dwivedi
इंजन क्षमता 1968 सीसी, 4 सिलेंडर, टर्बोचार्जड
शक्ति 143 पीएस@4000 आरपीएम
टॉर्क 340 एनएम@1750-2750 आरपीएम
ट्रांसमिशन टाइप फोर व्हील ड्राइव
गियरबॉक्स 7 स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमेटिक
लंबाई 4486 मिलीमीटर
चौड़ाई 1839 मिलीमीटर
ऊंचाई 1672 मिलीमीटर
वहीलबेस 2677 मिलीमीटर
बूट स्पेस 615 लीटर
ग्राउंड क्लीयरेंस 149 मिलीमीटर
वजन 1720 किलोग्राम
टैंक क्षमता 71 लीटर