टोयोटा ने जब इनोवा की जगह नई इनोवा क्रिस्टा को लॉन्च किया उस समय तक टोयोटा की इस कार की बिक्री कम नहीं हुई थी। इससे एक बात तो साफ हो जाती है कि अगर आप किसी सेगमेंट के लीडर हैं तो उस पोजीशन को बरकरार रखने के लिए आप पर ज्यादा दबाव होता है कि उनके अपेक्षा जो नंबर दो, तीन या चौथे स्थान पर कारोबार कर रहे हैं।
विज्ञापन
यही वजह थी कि वक्त की नजाकत को समझते हुए टोयोटा ने एक सटीक फैसला वक्त से पहले ले लिया और उसका शानदार परिणाम भी कंपनी को मिला। महंगी होने के बावजूद क्रिस्टा हिट रही। एक बार फिर से टोयोटा ने थोड़े दिन बाद क्रिस्टा में एक पेट्रोल इंजन भी लगाया वह प्रयोग भी सफल रहा।
इसके कुछ महीने बाद ही जब नई टूरिंग स्पोर्ट आई तो लोग समझ ही नहीं पाए कि टोयोटा ने अपने लोकप्रिय सेगमेंट में इस तरह का प्रयोग उस समय क्यूं किया जब क्रिस्टा को बाजार से अच्छे नंबर मिल रहे थे। आइए आपको इसी कार से मसूरी की यात्रा पर ले चलते हैं और बताते हैं कि इसमें क्या खास है।
विज्ञापन
सबसे पहले बात कीमत की
- फोटो : Amit Dwivedi
टोयोटा ने टूरिंग स्पोर्ट को मैनुअल पेट्रोल, ऑटोमेटिक, डीजल मैनुअल व डीजल ऑटोमेटिक में लॉन्च किया है। इसके पेट्रोल मैनुअल की कीमत 17.17 लाख, ऑटोमेटिक की कीमत 20.84 लाख, डीजल मैनुअल की कीमत 18.91 लाख व ऑटोमेटिक की कीमत 22.15 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है। जबकि इनोवा क्रिस्टा की कीमत 13.99 लाख रुपये से 22.53 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली तक पहुंचती है। इस तरह से टूरिंग स्पोर्ट क्रिस्टा टॉप वेरिएंट और बेस वेरिएंट के बीच में अपनी जगह बनाती है। यह सिर्फ दो रंगों में न्यू वाइन रेड शेड और सुपीरियर व्हाइट में उपलब्ध है।
इनोवा टूरिंग स्पोर्ट में क्या है नया
- फोटो : Amit Dwivedi
टूरिंग स्पोर्ट को आक्रामक दिखाने के लिए इसमें बॉडी क्लैडिंग का सहारा लिया गया है। इसके साथ इस कार के बाहरी हिस्से में कई जगह क्रोम का प्रयोग किया गया है खासकरके सामने व गाड़ी के पिछले हिस्से में। इसके अतिरिक्त टेल लैंप्स के बीच में दी गई धारी को काला किया गया है, इसके साथ ही इस एमपीवी का एलॉय व्हील भी पूरी तरह से गाढ़ा काला है। इसके अलावा ग्रिल को स्कोक्ड फिनिश बनाया गया है और ऐसा ही डिजाइन इसके हेडलैंप के अंदर भी दिया गया है। लेकिन इन बदलावों के बावजूद यह पूरी तरह से क्रिस्टा लगती है और बहुत कम लोग ही आपको ऐसे मिलेंगे जो इस एक नई गाड़ी के तौर पर देखेंगे। मसूरी तक पहुंचने में जहां मैं रुका कुछ लोगों ने इसे क्रिस्टा समझकर परफॉर्मेंस तो पूछी लेकिन इसके अलावा ये भेद नहीं कर पाए कि यह टूरिंग स्पोर्ट के रूप में एक नया नाम है।
महज सात सीटों के विकल्प में है उपलब्ध
- फोटो : Amit Dwivedi
टूरिंग स्पोर्ट सिर्फ सात सीटों के विकल्प के साथ बाजार में उपलब्ध है। ड्राइवर सीट के अलावा पिछली सीट में भी काले रंग के लेदर का प्रयोग किया गया है। इक्विपमेंट व फीचर की बात करें तो इस गाड़ी में आपको इनोवा क्रिस्टा के टॉप वेरिएंट जेडएक्स के सारे फीचर मिलेंगे। उदाहरण के तौर पर बात करें तो इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, इलेक्ट्रिक अडजस्ट ड्राइवर सीट, एलईडी प्रोजक्टर हेडलैंप और क्रूज कंट्रोल। क्रिस्टा की ही तरह इसका एयरकंडीशन काफी सशक्त है और 46 डिग्री के टेंपरेचर में भी छह लोगों को यह पूरी तरह से कूल रहता है।
ड्राइव परफॉर्मेंस
- फोटो : Amit Dwivedi
यहां से मूसरी तक की ड्राइव में मुझे दिल्ली से मेरठ तक का बंपर टू बंपर ट्रैफिक भी मिला, मेरठ से आगे निकलकर फोर लेन हाईवे भी आया और देहरादून से मसूरी तक की सीधी चढ़ाई भी मिली। मुझे नहीं लगता कि एक गाड़ी को परखने के लिए इससे भी बेहतर कोई माहौल मिल सकता है। जो कार मैं चला रहा था वह डीजल ऑटोमेटिक टूरिंग स्पोर्ट थी और यह पूरी तरह से कार की तरह ड्राइव हो रही थी। इनोवा क्रिस्टा और इसकी ड्राइविंग में मुझे जो फर्क नजर आया वो सिर्फ कुछ फीचर्स का था। इसकी ड्राइवेविलिटी शानदार थी जो कि इसके पहले मैं क्रिस्टा में देख चुका था। पहाड़ी रास्तों पर अपनी लाइन से यह कभी जुदा नहीं होती और स्टीयरिंग फीडबैक आपको अपने से बांधे रखता है। इसकी ड्राइविंग के वक्त कभी आपको परफॉर्मेंस की कमी महसूस नहीं होती। इसका 2.8 लीटर डीजल इंजन आपको खुश कर देता है।
मेरी राय में टूरिंग स्पोर्ट को टोयोटा नहीं भी लॉन्च करती तो कोई फर्क नहीं पड़ने वाला था। क्रिस्टा अच्छे नंबर्स कर रही है और इस बार पेट्रोल क्रिस्टा को भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अगर सिर्फ एक वेरिएंट के तहत देखा जाए तो भले ही इनोवा टूरिंग स्पोर्ट लोगों को अपनी ओर लुभा सके। पर सच कहूं तो इस गाड़ी में बदलाव के नाम पर महज कुछ एक दो मोडीफिकेशन हैं जिसे आप बाहर से भी करवा सकते हैं। लेकिन इसके बावजूद अगर आप चाहते हैं कि शहर में थोड़ा अलग दिखें और लोग आपकी गाड़ी पर बारीकी से गौर परफाएं तो टूरिंग स्पोर्ट जरूर खरीदना। लेकिन ध्यान रहे जब आपकी गाड़ी कोई देखे तो उसे जरूर बताएं कि यह क्रिस्टा नहीं बल्कि टूरिंग स्पोर्ट है।