इंस्टा यूजर्न ने गलत पार्किंग करने वालों की ली क्लास
- फोटो : Instagram/@travelling_mantra_manoj
दिल्ली-एनसीआर में सड़कों पर ट्रैफिक जाम एक गंभीर समस्या बन चुकी है। इसकी एक बड़ी वजह लोगों द्वारा गलत जगह गाड़ियों को पार्क करना है। गलत पार्किंग की वजह से चौड़ी सड़कों पर भी लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। कई बार तो प्रशासन द्वारा ऐसी गाड़ियों को जब्त कर ले जाया जाता है, लेकिन कई जगहों पर पुलिस बल की कमी के वजह से लोग मनमाने ढंग से गाड़ियां पार्क कर देते हैं। कई लोग तो पार्किंग के पैसे बचाने के लिए भी इधर-उधर गाड़ी पार्क कर निकल जाते हैं, जिसका खामियाजा दूसरे लोगों को जाम के रूप में उठाना पड़ता है।
इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक एक्जामिनेशन सेंटर के नजदीक लोग मनमाने ढंग से गाड़ियां पार्क करते दिख रहे हैं। यह वीडियो @travelling_mantra_manoj नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है जिसमें गलत पार्किंग के वजह से लोगों को हो रही परेशानी के बारे में बताया जा रहा है।
लाखों की एसयूवी, लेकिन पार्किंग के पैसे नहीं
इस वीडियों में मनोज नोएडा की एक सड़क पर मनमाने ढंग से गाड़ी पार्क करने वालों को दिखा रहे हैं। मनोज कहते हैं कि ये लोग पार्किंग के पैसे बचाने के लिए बीच सड़क गाड़ी खड़ी कर चले गए। इससे सड़क पर जाम लग गया और अन्य लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर गाड़ियों का लंबा जाम लगा हुआ है।
मनोज सड़क पार पार्क करने वाले कुछ लोगों के कहते दिख रहे हैं कि 20 रुपये देकर गाड़ी पार्किंग में पार्क करें। सड़क पर सिर्फ कार ही नहीं कुछ टू-व्हीलर भी खड़े दिख रहे हैं।
लोगों ने किए तीखे कमेंट्स
इस वीडियो पर लोगों के कई कमेंट्स भी मिले हैं। ज्यादातर यूजर्स का कहना है कि लोगों में सिविक सेंस की कमी है, जिसके चलते वे ऐसी हरकतें करते हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में ये समस्या आम हो चुकी है और अब लोगों को फर्क पड़ना बंद हो गया है।