बहुउपयोगी वाहन बनाने वाली कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने नए स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) टीयूवी-300 को 10 सितंबर को लॉन्च करने जा रही है। लॉन्च से कुछ दिन पहले ही कंपनी ने टीयूवी-300 (TUV300) का टीजर वीडियो रिलीज किया है। हालांकि इस वीडियो में कार के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। फिर भी दमदार टीजर के जरिए कंपनी ने टीयूवी-300 की पावर को दिखाया है।
महिंद्रा इसकी लॉन्चिंग महाराष्ट्र के चाकन स्थित प्लांट में करेगी। कंपनी का मानना है कि टीयूवी-300 को बाजार में उतार कर वह देश में बहुउपयोगी वाहन बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी के रूप में अपनी स्थिति को और भी मजबूत कर सकेगी।
टीयूवी-300 को मंहिंद्रा चार मीटर से कम लंबाई वाले कॉम्पैक्ट एसयूवी सेग्मेंट के तहत बाजार में पेश कर रही है। दिल्ली में इसकी एक्स शोरूम कीमत 6.23 लाख से 8.89 लाख रुपये तक होने का अनुमान है।
देखें वीडियो
टीयूवी-300 का मुकाबला बाजार में पहले से मौजूद कॉम्पैक्ट एसयूवी वर्ग की गाड़ियो टोयोटा इटिऑस क्रॉस, ह्यूडई आई-20 एक्टिव और फिएट एवेंच्युरा से होगा।
कंपनी टीयूवी-300 को एक वास्तविक एसयूवी का अहसास देने वाले कॉम्पैक्ट मॉडल के रूप में पेश कर रही है, जबकि बाजार में इस वर्ग में मौजूद ज्यादातर वाहन क्रॉस ओवर मॉडल हैं। बताया जा रहा है कि टीयूवी-300 की बाहरी डिजाइनिंग युद्ध टैंक से प्रेरित है, जो इसे काफी आक्रामक लुक देती है। इसे पूरी तरह से एक नए प्लेटफार्म पर तैयार किया जा रहा है।
देखें तस्वीरे: सामने आई महिंद्रा टीयूवी 300, 10 सितंबर को होगी लॉन्च